नगर निकाय चुनाव की तैयारियों पर भाजपा की अहम बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के निर्देश
राजसमंद में नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा जिला कार्यालय पर महत्वपूर्ण बैठक हुई। चुनाव प्रभारी सुशील कटारा ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, मतदाता सूची के अध्ययन और जनसंपर्क अभियान को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
तस्वीर में राजसमंद स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान उपस्थित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
राजसमंद में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद चुनाव प्रभारी एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी ने बताया कि बैठक को संबोधित करते हुए नगर परिषद चुनाव प्रभारी सुशील कटारा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से पूरी तैयारी के साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में आमजन से संपर्क कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं।
कटारा ने कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करते हुए मतदाता सूची का अध्ययन, नए मतदाताओं से संपर्क तथा पार्टी के पक्ष में सकारात्मक वातावरण बनाने का कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ चुनावी मैदान में जुटे, ताकि नगर निकाय में भाजपा को मजबूत जनसमर्थन प्राप्त हो।
उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि चुनाव की तैयारियों को लेकर नियमित रूप से बैठकें आयोजित कर कार्यों की समीक्षा की जाए तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देकर उसे समयबद्ध तरीके से पूरा करवाया जाए।
बैठक में नगर निकाय चुनाव की आगामी कार्ययोजना, संगठनात्मक तैयारियों, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का संचालन भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र सिंह चौहान ने किया।
इस दौरान नगर अध्यक्ष दिनेश कुमावत, पूर्व सभापति अशोक रांका, सुरेश पालीवाल, महेश पालीवाल, दिनेश पालीवाल, महेश आचार्य, जवाहर लाल जाट, सुखदेव यादव, प्रकाश रांका, पर्वत सिंह आशिया, महेंद्र कोठारी अपैक्स, भूपेंद्र चोरड़िया, मुकेश जोशी, वेणीराम कुमावत, मदन सिंह राठौड़, टीना पालीवाल, सोना सिंह, पूजा बंग, लता मादरेचा, हिम्मत मेहता सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।