राजसमंद के लिकी स्कूल में विद्यार्थियों को संबोधित करतीं सिविल जज प्रियंका चौहान।   

राजस्थान के राजसमंद जिले में विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लिकी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। ‘सुरक्षित स्थान, जहां सपनों को पंख मिलते हैं’ विषय पर आधारित यह कार्यक्रम ‘Transformative Tuesday’ अभियान के तहत आयोजित हुआ, जिसमें बच्चों को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़े रहने का संदेश दिया गया।

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं अध्यक्ष महोदया जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राजसमंद (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) श्रीमती अलका शर्मा तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राजसमंद श्री भारत भूषण पाठक के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति (सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट), आमेट सुश्री प्रियंका चौहान ने विद्यार्थियों को जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश सुश्री प्रियंका चौहान ने बच्चों को सरल एवं सहज भाषा में उनके अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने, अपनी सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़े रहने तथा प्रवेश के अधिकार और निशुल्क शिक्षा के अधिकार के बारे में बताया। इसके साथ ही बच्चों को संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी प्रदान की गई।

शिविर में विद्यार्थियों को बच्चों के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया, ताकि वे आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के लिए उपलब्ध विकल्पों से परिचित हो सकें। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

‘Transformative Tuesday’ अभियान के तहत आयोजित इस विधिक जागरूकता शिविर का केंद्र विद्यार्थियों को अधिकारों, शिक्षा और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।

Tags: