राजस्थान में आरटीई भुगतान को लेकर निजी स्कूल संचालकों का आंदोलन तेज, भीख मांगकर करेंगे प्रदर्शन
| जयपुर के शहीद स्मारक पर धरने के छठे दिन निजी विद्यालय संघर्ष समिति ने लंबित आरटीई भुगतान, प्री-प्राइमरी बकाया और यूनिट कॉस्ट बढ़ाने की मांग को लेकर यह निर्णय लिया।
राजस्थान में निजी विद्यालयों के लंबित भुगतान और आरटीई (शिक्षा का अधिकार) से जुड़ी मांगों को लेकर शुरू हुआ आंदोलन अब तेज होता जा रहा है। जयपुर के शहीद स्मारक पर निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा। पुलिस प्रशासन की ओर से धरना समाप्त करने और स्थल खाली करने के लिए लगातार दबाव बनाए जाने तथा धमकियां दिए जाने के बावजूद निजी स्कूल संचालक आंदोलन से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। अब समिति ने सरकार के खिलाफ विरोध का नया तरीका अपनाते हुए जयपुर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और गली-मोहल्लों में भीख मांगकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
धरने को प्रदेशभर के निजी विद्यालय संगठनों का समर्थन मिल रहा है। प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी आंदोलन के समर्थन में एकजुट हो रहे हैं। शनिवार को धरना स्थल पर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 100 से अधिक पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में सरकार की उदासीनता और निजी विद्यालयों के लंबित भुगतान को लेकर नाराजगी जताई गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान के सदस्य जयपुर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और गली-मोहल्लों में जाकर सरकार के लिए भीख मांगेंगे। समिति के अनुसार, यह कार्यक्रम सरकार की आर्थिक बदहाली और निजी विद्यालयों के प्रति उसकी संवेदनहीनता के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन होगा। समिति का कहना है कि निजी विद्यालय वर्षों से आरटीई के तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन सरकार निर्धारित राशि का समय पर भुगतान नहीं कर रही है। अब जनता के बीच जाकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जाएंगे।
निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान के प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि राजस्थान के हजारों निजी विद्यालयों और उनसे जुड़े लाखों परिवारों के अधिकारों की लड़ाई है। पिछले छह दिनों से पुलिस प्रशासन के लगातार दबाव और धरना हटाने के प्रयासों के बावजूद आंदोलन जारी है। उन्होंने कहा कि समिति ने कई बार धरने की अनुमति के लिए आवेदन किया, लेकिन सरकार न तो अनुमति दे रही है और न ही मांगों का समाधान कर रही है। जब तक आरटीई का संपूर्ण बकाया भुगतान, प्री-प्राइमरी का भुगतान, यूनिट कॉस्ट में वृद्धि और अन्य लंबित मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक शहीद स्मारक से धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के सभी संगठनों से धरना स्थल पर पहुंचकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
स्कूल क्रान्ति संघ की प्रदेशाध्यक्ष हेमलता शर्मा ने कहा कि निजी विद्यालयों की समस्याएं किसी एक संगठन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे निजी शिक्षा जगत से जुड़ी हैं। सरकार को निजी विद्यालयों की सेवाओं और उनके योगदान को समझना चाहिए। आरटीई का भुगतान विद्यालयों का अधिकार है, कोई सरकारी अनुग्रह नहीं। उन्होंने प्रदेश के सभी संगठनों से आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने और मांगों के समाधान तक संघर्ष में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
निजी विद्यालय संघर्ष समिति के संरक्षक हंसराज गिरी गोस्वामी ने कहा कि निजी विद्यालय संचालक लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर सरकार से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। अब प्रदेश के सभी संगठनों को एकजुट होकर निर्णायक संघर्ष करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी लंबित भुगतान और समस्याओं का समाधान होने तक आंदोलन को कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा।
ब्यावर के कुलदीप सिंह ने कहा कि प्रदेशभर के निजी विद्यालय संचालकों को समझना होगा कि केवल सोशल मीडिया पर समर्थन देने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। कुछ साथी अपने विद्यालयों और परिवारों की जिम्मेदारियों के बीच समय निकालकर जयपुर में संघर्ष कर रहे हैं। अब प्रत्येक जिले से अधिक से अधिक संचालकों को धरना स्थल पर पहुंचना चाहिए। यह लड़ाई सभी की है, इसलिए इसकी जिम्मेदारी भी सभी को निभानी होगी।
जितेन्द्र अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों का एक मंच पर आना निजी विद्यालय आंदोलन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब इस एकजुटता को केवल बैठकों तक सीमित रखने के बजाय धरना स्थल पर उपस्थिति और सक्रिय सहयोग के रूप में प्रदर्शित करना होगा। सरकार को निजी विद्यालयों की एकता और उनकी समस्याओं की गंभीरता समझनी चाहिए।
देवेन्द्र सिंह ने कहा कि निजी विद्यालयों ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आरटीई के तहत बच्चों को शिक्षा देने की जिम्मेदारी निभाने के बाद भी विद्यालयों को अपने भुगतान के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को बिना और विलंब किए सभी लंबित भुगतान जारी करने चाहिए और निजी विद्यालयों के धैर्य की परीक्षा लेना बंद करना चाहिए।
दौसा के सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेशव्यापी एकजुटता जरूरी है। दौसा सहित प्रदेश के सभी जिलों के संचालकों को आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। सरकार को यह संदेश जाना चाहिए कि निजी विद्यालय संचालक अब अपने अधिकारों के लिए संगठित हैं और मांगें पूरी होने तक पीछे हटने वाले नहीं हैं।
बैठक में प्रदेशभर के संगठनों के कई पदाधिकारी शामिल हुए। इनमें हेमलता शर्मा, सीमा शर्मा, कुलदीप सिंह, जितेन्द्र अरोड़ा, राजेश शर्मा, ओमाराम रणवा एवं ब्यावर टीम, जितेन्द्र सिंह (कुचामन-डीडवाना), पवन चौधरी, मनोज कुमार, राजकुमार जाखड़, नरेन्द्र कुमावत, लक्ष्मण सिंह राजपूत, जगदीश बांगड़वा (रेनवाल), डॉ. मुकेश शर्मा (झोटवाड़ा), अवधेश शर्मा, देवेन्द्र सिंह, किरण कुमार गन्ना, सी.पी. डिडवानिया, पुरण प्रकाश जोशी, दिलीप सिंह चौहान, राकूजी कुमावत, मनोज हरितवाल, सुभाष चन्द्र शर्मा, रामधन रणवां, नरसिंह राम (नागौर), हंसराज गिरी गोस्वामी और सत्यनारायण शर्मा (दौसा) सहित प्रदेशभर के 100 से अधिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समिति की प्रमुख मांगों में आरटीई के अंतर्गत अब तक का संपूर्ण बकाया भुगतान तत्काल जारी करना, प्री-प्राइमरी कक्षाओं के पिछले वर्षों का लंबित भुगतान करना, निजी विद्यालयों की प्रति विद्यार्थी यूनिट कॉस्ट में उचित वृद्धि करना और अन्य सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करना शामिल है।
प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला ने अंत में कहा कि आंदोलन अब केवल शहीद स्मारक तक सीमित नहीं रहेगा। प्रदेश के प्रत्येक जिले, संभाग और ब्लॉक के निजी विद्यालय संचालकों को संघर्ष से जोड़ा जाएगा। पुलिस प्रशासन का दबाव हो या अन्य कोई चुनौती, आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। निजी विद्यालय संचालकों ने मांगों के समाधान तक शहीद स्मारक से नहीं हटने का संकल्प दोहराया है।