जयपुर के धरना स्थल पर बैनर के नीचे बैठकर प्रदर्शन करते निजी विद्यालय संचालक दिख रहे हैं।   

राजस्थान के निजी विद्यालयों की लंबित समस्याओं और मांगों को लेकर निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान का धरना-प्रदर्शन चौथे दिन भी जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर जारी रहा। सरकार की ओर से मांगों का संतोषजनक समाधान नहीं किए जाने से निजी विद्यालय संचालकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब समिति ने आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्तर पर तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है।

इसी कड़ी में कल दोपहर 1 बजे राजस्थान के सभी निजी विद्यालय संगठनों के प्रदेश एवं प्रमुख पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति पर चर्चा कर प्रदेशव्यापी महाआंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान के संरक्षक हंसराज गिरी गोस्वामी एवं प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला (राजसमन्द) ने प्रदेश के सभी निजी विद्यालय संगठनों से एकजुट होकर इस आंदोलन में भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह किसी एक संगठन या व्यक्ति का आंदोलन नहीं है, बल्कि राजस्थान के समस्त निजी विद्यालयों, संचालकों, शिक्षकों और उनसे जुड़े लाखों परिवारों के हितों की लड़ाई है।

धरना स्थल पर मौजूद पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निजी विद्यालयों की जायज मांगों का समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी संगठनों की एकजुटता से ही सरकार तक प्रभावी आवाज पहुंचाई जा सकती है।

धरने के चौथे दिन निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान के संरक्षक हंसराज गिरी गोस्वामी, प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला, मेड़ता नागौर के अध्यक्ष शिवदान राम बापोड़िया, डीडवाना-कुचामन के संयोजक जितेन्द्र सिंह ढूंढ़ियां, जयपुर के संभाग संयोजक डॉ. मुकेश शर्मा, चौमूं से बनवारी लाल, मनीष शर्मा और योगेश कुमार पारीक तथा खैरथल-तिजारा के संयोजक पवन कुमार चौधरी सहित प्रमुख पदाधिकारी एवं विद्यालय संचालक उपस्थित रहे।

समिति ने प्रदेश के सभी निजी विद्यालय संगठनों, विद्यालय संचालकों और पदाधिकारियों से अपील की है कि वे कल दोपहर 1 बजे होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल हों और आगामी महाआंदोलन को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

समिति ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि निजी विद्यालयों की समस्याओं का समाधान अब केवल आश्वासनों से नहीं, बल्कि सरकार के ठोस निर्णयों से होना चाहिए। ऐसे में कल होने वाली बैठक को आंदोलन की आगामी दिशा और प्रदेशभर के निजी विद्यालय संगठनों की एकजुटता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Tags: