तस्वीर में नाथद्वारा पुलिस द्वारा जब्त की गई देशी पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और सीलबंद जब्ती पर्ची एक पारदर्शी प्लास्टिक बॉक्स में रखी दिखाई दे रही है।

राजसमंद। नाथद्वारा पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारिक एवं वृत्ताधिकारी नाथद्वारा शिखा राजावत के निर्देशन में पुलिस संदिग्ध स्थानों पर लगातार दबिश देकर अवैध हथियारों की धरपकड़ कर रही है।

13 अगस्त 2026 को थाना प्रभारी कमलेन्द्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान बनास नदी पुलिया के पास गुंजोल गांव जाने वाले रास्ते पर स्थित पत्थरों के गोदाम के पास पुलिस ने एक युवक को पुलिस वाहन देखकर छिपते हुए देखा। पूछताछ करने पर युवक की पहचान विरेंद्र सिंह पुत्र मोहन सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी तालाब की भागल, पुलिस थाना केलवाड़ा, जिला राजसमंद के रूप में हुई।

पुलिस टीम ने युवक की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल मय मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी से बरामद हथियार के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक नाथद्वारा पुलिस ने अवैध फायर आर्म्स के संबंध में 4 प्रकरण दर्ज किए हैं। इन मामलों में 5 पिस्टल और 14 जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं, जबकि 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अवैध हथियारों के खिलाफ नाथद्वारा पुलिस की यह वर्ष 2026 में चौथी बड़ी कार्रवाई है।

Tags: