तस्वीर में एक हॉल के भीतर कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठक में चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं।

आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी रणनीति के साथ पार्टी इस बार घोषणा पत्र तैयार करने में वार्ड स्तर के कार्यकर्ताओं की राय और सुझावों को प्राथमिकता दे रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह चौहान तैयारियों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए वार्ड स्तर तक संगठन को सक्रिय करने में जुटे हैं।

नगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश एम. जोशी की अध्यक्षता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह चौहान, प्रदेश कांग्रेस सदस्य देवकीनंदन गुर्जर और प्रभारी श्यामसुंदर शर्मा के मुख्य आतिथ्य में नगर के 40 वार्डों में ब्लॉकवार 8 बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में वार्ड अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, पार्षदों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई तथा घोषणा पत्र के लिए सुझाव लिए गए।

बैठकों में प्रभारी श्यामसुंदर शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के तहत कार्यकर्ताओं से संवाद किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह चौहान ने वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को चुनावी तैयारियों की मजबूत कड़ी बताते हुए संगठन को लगातार सक्रिय रखने पर जोर दिया।

घोषणा पत्र तैयार करने में कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता देने की पहल को लेकर बैठकों में उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार जनता और कार्यकर्ताओं से प्राप्त सुझावों को घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा, जिससे स्थानीय मुद्दों और जरूरतों को प्रमुखता दी जा सके।

बैठकों को देवकीनंदन गुर्जर, शंकरलाल चौधरी, दिनेश एम. जोशी, मनीष राठी, श्यामलाल गुर्जर, रमेश जैन, मनोरमा डाबी, गोरी चौधरी, प्रतिभा सनाढ्य और प्रियंका पुरोहित सहित कांग्रेसजनों ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन संगठन महामंत्री महेश सनाढ्य ने किया।

इस दौरान फतहलाल गुर्जर, चन्द्रसिंह कोठारी, राकेश वर्मा, कन्हैयालाल कुमावत, सुरेश छापरवाल, विशाल उपाध्याय और कमलेश कुमावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नगर पालिका चुनाव की तैयारियों के बीच वार्ड स्तर पर बैठकों और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के जरिए कांग्रेस ने संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया है।

Tags: