दो माह से वेतन को तरसे सफाई कर्मचारी, काम का बहिष्कार कर आमेट नगर पालिका में धरना
आमेट नगर पालिका के 47 सफाई कर्मचारियों ने दो माह से वेतन नहीं मिलने पर काम का बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया।
तस्वीर में आमेठ नगर पालिका परिसर के बाहर धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी नजर आ रहे हैं, जिनके पीछे 'राजस्थान सफाई मजदूर संघ' का बैनर लगा हुआ है।
नगर पालिका आमेट के सफाई कर्मचारियों ने दो माह से वेतन नहीं मिलने सहित विभिन्न मांगों के समाधान की मांग को लेकर सोमवार से सफाई कार्य का बहिष्कार कर दिया। कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के बाद नगर पालिका परिसर के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने पूर्व में 15 जून और 4 अगस्त को दिए गए ज्ञापनों का हवाला देते हुए मांगों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की।
सफाई कर्मचारियों ने बताया कि वेतन भुगतान नियमित नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने सरेण्डर राशि, वर्दी एवं भत्तों का भुगतान करने के साथ 7वें वेतनमान के पुराने 30 प्रतिशत बकाया और 2 प्रतिशत बढ़े वेतन के एरियर का भुगतान करने की मांग रखी।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सफाई कर्मचारी भर्ती में 100 प्रतिशत वाल्मीकि समाज के अभ्यर्थियों को शामिल करना तथा संविदा भर्ती को निरस्त करना भी शामिल है। इसके अलावा सभी सफाई कर्मचारियों की एम्प्लॉई आईडी बनाने की मांग भी की गई है।
नगर पालिका में 47 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनकी अनुमानित तनख्वाह करीब 20 लाख रुपये बनती है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक सफाई कार्य का बहिष्कार जारी रखते हुए नगर पालिका परिसर के बाहर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
पूरे मामले को लेकर अधिशासी अधिकारी सुदर्शन जांगू ने बताया कि बजट कम आने के कारण भुगतान में परेशानी हुई है। गत माह की भी स्वीकृति मिल गई है, लेकिन खाते में पैसा नहीं आने के कारण भुगतान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि चुंगी अनुदान भरण की राशि समय पर नहीं आ रही है, जिससे कर्मचारियों की तनख्वाह दी जाती है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के भुगतान के लिए बिल बनाकर भेज दिया गया है और अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। जल्द समाधान किया जाएगा।
वेतन भुगतान में देरी और अन्य मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के बाद नगर पालिका परिसर के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि मांगों का समाधान होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।