श्री नवल श्याम कृष्ण गौशाला केलवा परिसर में विजेता ट्रॉफी के साथ इकलाई पहने खड़े हरिओम क्लब के क्रिकेट खिलाड़ी।   

केलवा। 21वीं राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब जीतने वाली केलवा की हरिओम क्लब टीम का श्री नवल श्याम कृष्ण गौशाला में स्वागत एवं सम्मान किया गया। क्षेत्रीय कचेरियन तेली समाज की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता बनने पर गौशाला परिसर में सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया। इस दौरान टीम ने गोवंश की सेवा और देखभाल के लिए 11 हजार रुपए की सहयोग राशि भी भेंट की।

गौशाला अध्यक्ष नरेंद्र बोहरा ने सभी खिलाड़ियों को इकलाई पहनाकर सम्मानित किया और प्रतियोगिता में जीत हासिल करने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। टीम की उपलब्धि से गौशाला परिसर में खुशी का माहौल रहा। खिलाड़ियों ने खेल के क्षेत्र में केलवा का नाम रोशन करने के साथ सामाजिक और धार्मिक कार्यों में सहभागिता का भी उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विजेता टीम की ओर से किशन सुरेचा एवं राहुल आसारमा, शिवलाल तेली ने गौशाला में गोवंश की सेवा एवं देखभाल के लिए 11 हजार रुपए की सहयोग राशि भेंट की। गौशाला अध्यक्ष नरेंद्र बोहरा ने टीम के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि खेलों में जीत हासिल करना गर्व की बात है, लेकिन सामाजिक सरोकारों और गौसेवा के कार्यों में योगदान देना भी युवाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने युवाओं से गौशाला से जुड़ने और समय-समय पर अपनी सेवाएं देने का आह्वान किया। साथ ही गोवंश की सेवा और संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से गौशाला के सेवा कार्यों को और अधिक गति मिल सकती है।

कार्यक्रम में मौजूद गौशाला पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हरिओम क्लब की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं, विजेता खिलाड़ियों ने भविष्य में भी सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सहयोग करते रहने का संकल्प व्यक्त किया। राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में जीत के साथ गौसेवा के लिए आर्थिक सहयोग देकर हरिओम क्लब ने खेल और सामाजिक जिम्मेदारी के बीच सहभागिता का उदाहरण प्रस्तुत किया।

Tags: