कपासन दरगाह शरीफ में 1501वें जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर उमड़ा जनसैलाब
कपासन दरगाह शरीफ में 1501वें जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर अजीमुश्शान जलसा हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे और सम्मान समारोह भी हुआ।
तस्वीर में कपासन की दरगाह शरीफ में आयोजित जश्ने ईद मिलादुन्नबी के जलसे के दौरान मंच पर बैठे उलेमा-ए-किराम और अकीदतमंद नजर आ रहे हैं।
कपासन में 1501वें जश्ने ईद मिलादुन्नबी (स.अ.व.) के मुबारक मौके पर बुधवार रात प्रख्यात सूफी संत हजरत दीवाना शाह साहब (र.अ.) की दरगाह शरीफ में बाद नमाज-ए-ईशा पहले अजीमुश्शान जलसे का आयोजन हुआ। जलसे में बड़ी संख्या में जायरीन और अकीदतमंद पहुंचे, जिससे दरगाह शरीफ में देर रात तक उत्साह और अकीदत का माहौल बना रहा।
दरगाह वक्फ कमेटी के सचिव हाजी शराफत हुसैन भाटी ने बताया कि जलसे में नागपुर से हजरत अल्लामा मौलाना फारूक रिजवी तथा उदयपुर से मशहूर नातख्वां गुलाम मोईनुद्दीन रजवी ने शिरकत की। इस दौरान उलेमा-ए-किराम के बयानात हुए और नातख्वां ने नबी की शान में नात पेश की।
दरगाह वक्फ कमेटी के सदर सैयद ऐजाज अली ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी के मौके पर इस वर्ष दरगाह वक्फ कमेटी की ओर से ‘बेहतरीन मकान सजावट प्रतियोगिता’ आयोजित की गई। इसके लिए पूरे नगर को 5 जोन में बांटा गया था। जिन मकानों की सजावट सबसे बेहतरीन रही, उन्हें जलसे के दौरान प्रथम और द्वितीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जलसे के दौरान दरगाह वक्फ कमेटी की ओर से जायरीनों और आम जनता के लिए लंगर की व्यवस्था की गई। मुख्य द्वारों और जुलूस मार्गों को खूबसूरत लाइटिंग व झंडों से सजाकर नूरानी माहौल बनाने वाले युवाओं और कमेटियों की भी हौसला अफजाई की गई।
बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर दरगाह परिसर में पूरे दिन अकीदत और उत्साह का माहौल रहा। जुलूस-ए-मोहम्मदी के दरगाह शरीफ पहुंचने पर वक्फ कमेटी की ओर से बुलंद दरवाजे के बाहर जुलूस में शामिल उलेमा-ए-किराम, मेहमानों और अकीदतमंदों का गुलाब के फूल भेंट कर इस्तकबाल किया गया।
इस दौरान दरगाह वक्फ कमेटी के सरपरस्त सैयद मुकर्रम अली, नायब सदर कुदरत हुसैन, मंसूर अहमद ओटवाल, सहसचिव मेहबूब शाह, कोषाध्यक्ष सैयद इरफान अली बुखारी, सदस्य हाजी साबिर हुसैन पुंवार, मोहम्मद सलीम तुर्किया, अकरम मंसूरी, अख्तर हुसैन, इकबाल हुसैन खान, अब्दुल रशीद तुर्कीया, कल्लु खान, नफीस शैख और सैयद तनवीर अली मौजूद रहे।