तुलसी अमृत विद्यापीठ आमेट में अणुव्रत क्रिएटिविटी कंपटीशन 2026 के विजेताओं को सम्मानित करते हुए शिक्षक और विद्यार्थी।

आमेट, 7 अक्टूबर। अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का अंतिम सातवां दिन जीवन विज्ञान दिवस के रूप में तुलसी अमृत विद्यापीठ हिंदी मीडियम में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अणुव्रत गीत के संगान से हुआ। विद्यालय प्रिंसिपल केवल चंद्र लववंशी ने जीवन विज्ञान एवं स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया।

अध्यक्ष रेणु छाजेड़ ने विद्यार्थियों को ताड़ासन, गर्दन की क्रिया, महाप्राण ध्वनि, 5 मिनट दीर्घ श्वास एवं प्रेक्षा ध्यान करवाया। उन्होंने जीवन विज्ञान दिवस पर अपने विचार रखते हुए कहा कि जीवन विज्ञान केवल योग एवं ध्यान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। नियमित रूप से जीवन विज्ञान की क्रियाओं को अपनाने से एकाग्रता, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन कुछ समय प्रेक्षा ध्यान, दीर्घ श्वास एवं योगाभ्यास के लिए देने का आह्वान किया।

प्रिंसिपल केवल चंद्र लववंशी ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों पर पढ़ाई के साथ अनेक प्रकार का मानसिक दबाव रहता है। ऐसे में जीवन विज्ञान की साधनाएं विद्यार्थियों को तनावमुक्त रखते हुए उनके व्यक्तित्व को संतुलित और अनुशासित बनाने में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, संयम, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का निर्माण भी है। जीवन विज्ञान इन सभी गुणों को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के दौरान अणुव्रत क्रिएटिविटी कंपटीशन 2026 में कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले आनंदी कुमावत, दिव्यांशी रवणा, विधि बडाला, सेजल सोनी, मानवी सोनी, मीनाक्षी वैष्णव, नितेश जाट, स्नेहा एवं अर्चना जेनोवाल को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर शिक्षकगण नंदलाल टेलर, नीलेश शर्मा, धर्मेश रेगर, राजू भोइ तथा शिक्षिकाएं नीता चौहान, रेखा जीनगर, शकुंतला पालीवाल, नेहा पंवार, निशा सुथार, रितु पंवार, सुभद्रा शर्मा, हंसा दर्जी, दीपिका सोनी आदि उपस्थित रहे। आभार ज्ञापन उपाध्यक्ष चेतना डांगी ने किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन मंत्री अनिता छाजेड़ ने किया। कार्यक्रम की जानकारी संस्था प्रतिनिधि पवन कच्छारा ने दी।

Tags: