राजसमंद में पाइनएप्पल जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर चोरी, महाराज गंभीर
कांकरोली के बांडियावाड़ा में मंदिर में रहने का नाटक कर रहे अज्ञात व्यक्ति ने परिवार को बेहोश कर जेवर और नकदी चुराए। पुलिस सीसीटीवी से आरोपी की तलाश में जुटी।
तस्वीर में सफेद कपड़ों में एक बुजुर्ग व्यक्ति अस्पताल के बिस्तर पर लेटे हुए दिख रहे हैं।
राजसमंद। बांडियावाड़ा, कांकरोली क्षेत्र में हनुमान जी मंदिर के पास एक घर में मंदिर में रहने और घर में रहने का नाटक कर रहे अज्ञात व्यक्ति द्वारा महाराज और उनके परिवार को पाइनएप्पल जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का मामला सामने आया है। जूस पीने के बाद परिवार के सदस्य सो गए और इसी दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे अज्ञात व्यक्ति ने महाराज की पत्नी के जेवर खोलने का प्रयास किया। इसी दौरान बच्चा उठ गया। इसके बाद आरोपी पानी पीने का बहाना बनाकर वहां से चला गया।
इसके बाद करीब 2 से 3 बजे के बीच आरोपी भवरदास महाराज के हाथों की कड़ियां और कुछ नकदी रुपये चोरी कर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद भवरदास महाराज की हालत गंभीर बताई जा रही है। नशीला पदार्थ दिए जाने के प्रभाव के चलते उन्हें अभी तक होश नहीं आया है। उनका इलाज आर.के. चिकित्सालय, राजसमंद में जारी है।
परिवार की बच्चियों ने भी बताया कि रात में अज्ञात व्यक्ति ने सभी को पाइनएप्पल जूस पिलाया था। इसके बाद परिवार के सदस्य सो गए।
घटना की सूचना मिलने पर कांकरोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चोरी कर फरार हुए अज्ञात आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को बेहोश करने और चोरी कर फरार हुए आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।