ढेलाणा के विद्यालय में डिजिटल सखी परियोजना के सहयोग से बाल दिवस प्रतियोगिता विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

ढेलाणा। ग्राम पंचायत मुख्यालय ढेलाणा में डिजिटल सखी परियोजना के सहयोग से स्थानीय विद्यालय में बाल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से निबंध, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिताओं के लिए विद्यार्थियों को कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग में विभाजित किया गया। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा दसवीं के राजू सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा बारहवीं की चेतना बैरागी प्रथम रहीं, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं की सरिता रेगर ने प्रथम स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रधानाचार्य संजू शर्मा ने की। डिजिटल सखी परियोजना की ढेलाणा प्रभारी नीलम कंवर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के प्रभारी गिरिराज प्रजापत ने सभी का आभार व्यक्त किया। बाल दिवस के अवसर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी लेखन, कलात्मक और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

Tags: