आमेट में नगरपालिका का विशेष अभियान, 14 निराश्रित गोवंश को नंदी गोशाला पहुंचाया
| राजस्थान के आमेट में नगरपालिका ने सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर विचरण करने वाले निराश्रित गोवंश के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। मंगलवार को 14 नंदियों को गोऊ कैचर वाहन से पकड़कर श्री पंचमुखी हनुमान नंदी गोशाला, आगरिया पहुंचाया गया।
आमेट में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए नगरपालिका प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। मंगलवार को नगरपालिका की टीम ने शहर के बस स्टैंड और मुख्य मार्गों से 14 निराश्रित नंदियों को पकड़कर नंदी गोशाला पहुंचाया।
नगर में कई स्थानों पर गाय और बैल सहित अन्य गोवंश सड़कों पर विचरण करते रहते हैं। संबंधित पशु मालिकों द्वारा अपने पालतू पशुओं को घरों या बाड़ों से बाहर खुले में छोड़ दिया जाता है, जिससे सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर उनकी आवाजाही बनी रहती है।
इसी समस्या को देखते हुए शहरी क्षेत्र में विचरण करने वाले निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के उद्देश्य से नगरपालिका टीम आमेट ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत पालिका कर्मचारियों ने गोऊ कैचर वाहन की सहायता से शहर के बस स्टैंड और प्रमुख मार्गों से 14 निराश्रित नंदियों को पकड़ा। इसके बाद सभी पशुओं को श्री पंचमुखी हनुमान नंदी गोशाला, आगरिया में सुरक्षित रूप से छोड़ा गया।
नगरपालिका प्रशासन के अनुसार, अभियान का उद्देश्य निराश्रित गोवंश को उचित संरक्षण उपलब्ध कराने के साथ ही शहर की सड़कों को आवारा पशुओं से मुक्त रखना है। इससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आमजन को आवागमन के दौरान होने वाली असुविधा से राहत दिलाने में मदद मिलेगी। यह अभियान आगामी निर्देशों तक जारी रहेगा।
नगरपालिका अध्यक्ष दिनेश चंद्र सरणोत एवं नगरपालिका प्रशासन की ओर से आमजन और पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने पालतू पशुओं को खुले में या सार्वजनिक सड़कों पर विचरण करने के लिए नहीं छोड़ें। साथ ही नगर को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगरपालिका प्रशासन का सहयोग करें।
इस अभियान में नगरपालिका के सहायक राजस्व निरीक्षक पाल पारीक, वरिष्ठ सहायक बलवंत सिंह राठौड़, कनिष्ठ सहायक चमन सिंह गहलोत, कार्यवाहक सफाई जमादार गोपाल, ईश्वरलाल, अजय सहित अन्य सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। नगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निराश्रित गोवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की यह कार्रवाई आगामी निर्देशों तक जारी रहेगी।