आमेट में सरकारी योजनाओं पर सेमिनार, उद्यमियों को दी गई जानकारी
| जगदीश व्यास और राकेश लखारा ने आरआईपीएस, एमएसएमई सहित कई योजनाओं की पात्रता व आवेदन प्रक्रिया बताकर नए उद्यम और निवेश के अवसरों पर जोर दिया।
आमेट पंचायत समिति सभागार में गुरुवार को आयोजित सेमिनार में सरकारी योजनाओं की जानकारी देते प्रशिक्षक।
आमेट में उद्योग एवं व्यापार को बढ़ावा देने और उद्यमियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को पंचायत समिति के महाराणा प्रताप सभागार में विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उद्यमियों को स्वरोजगार, निवेश और नए उद्योगों की स्थापना के अवसरों से अवगत कराया गया।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस सेमिनार में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना, डॉ. बी.आर. अंबेडकर दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, एक जिला एक उत्पाद नीति, एमएसएमई पॉलिसी, ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी, राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS) तथा एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षक जगदीश व्यास एवं राकेश लखारा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजनाओं की पात्रता, उनसे मिलने वाले लाभ, आवेदन प्रक्रिया और उद्योग-व्यापार के विकास में उनकी उपयोगिता समझाई। उन्होंने उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने मौजूदा व्यवसाय को आगे बढ़ाने और नए उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
सेमिनार में मौजूद उद्योगपतियों एवं व्यापारियों को विभिन्न योजनाओं के जरिए स्वरोजगार के अवसर तलाशने, निवेश को प्रोत्साहित करने, उद्यम स्थापित करने, विपणन गतिविधियों को बढ़ावा देने और निर्यात के क्षेत्र में आगे बढ़ने की संभावनाओं से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी उद्यमियों तक पहुंचाकर उद्योग एवं व्यापार के विकास को प्रोत्साहन देना रहा।