आमेट के पीएम श्री स्कूल में विज्ञान मेला आयोजित, विजेताओं को मिला सम्मान
छात्रों ने लाइव मॉडल और चार्ट के जरिए अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने विजेताओं को स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया।
तस्वीर में पीएम श्री स्कूल के मंच पर अतिथियों द्वारा छात्रा को ट्रॉफी दी जा रही है।
आमेट। स्थानीय पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आमेट में 17 सितंबर, गुरुवार को विज्ञान मेले का आयोजन प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र प्रजापत की अध्यक्षता में किया गया। मेले में छात्र-छात्राओं ने विज्ञान से जुड़े आकर्षक चार्ट, पोस्टर और लाइव मॉडल्स के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक सोच और हुनर का प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) और सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12) के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। मेला प्रभारी राखी आर्य (प्राध्यापक गणित) के निर्देशन में आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के उपप्राचार्य बाबूलाल सालवी, प्राध्यापक जगदीश चंद्र शर्मा एवं प्राध्यापक लक्ष्मण लाल गुर्जर ने आगंतुक सभी अतिथियों का उपरना (इकलाई) एवं साफा पहनाकर भावभीना स्वागत व अभिनंदन किया। इसके बाद अतिथियों ने विज्ञान प्रदर्शनी का विस्तृत अवलोकन किया।
मेले में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) छगनलाल पुर्बिया एवं अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) राजेंद्र कुमार चारण ने संबलन प्रदान करते हुए छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) के संभाग संगठन मंत्री नारायण सिंह चुंडावत ने बच्चों को जिला स्तर पर होने वाले विज्ञान मेले में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षक मुकेश वैष्णव ने बताया कि सेवानिवृत्ति मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी आमेट नरेंद्र सिंह चुंडावत ने भी विद्यालय के प्रयासों और बच्चों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। इस अवसर पर अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी किशन लाल गुर्जर, रतनलाल सालवी (आर.पी.) और सियाणा स्कूल के प्राचार्य श्री भंवरलाल पालीवाल भी उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र प्रजापत ने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के विज्ञान मेलों के आयोजन से विद्यार्थियों में तार्किक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास होता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि आज के छोटे-छोटे प्रयास ही कल देश के बड़े वैज्ञानिक अनुसंधानों का आधार बनते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मेले में निर्णायक के रूप में नीलम शर्मा (प्राध्यापक भौतिक विज्ञान), श्रीमती रेखा जिनगर (प्राध्यापक) और चंचल बिश्नोई (प्राध्यापक पीटीआई) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मेले की संपूर्ण व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में विद्यालय स्टाफ के सदस्य भेरूलाल जीनगर, बाल कृष्ण आमेटा, बहादुर मीणा, जितेंद्र कुमार, हेमंत कुमार एवं शंकर लाल ने सक्रिय सहयोग किया।
समारोह के समापन और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) गिरजा शंकर मिश्रा रहे। मुख्य अतिथि गिरिजा शंकर मिश्रा एवं प्रधानाचार्य ने दोनों वर्गों की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ और छात्र उपस्थित रहे।
पीएम श्री राउमावि आमेट में आयोजित विज्ञान मेले ने विद्यार्थियों को अपने वैज्ञानिक मॉडल, चार्ट और पोस्टर प्रस्तुत करने का अवसर दिया, वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बाल वैज्ञानिकों को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया।