आमेट के तेरापंथ सभा भवन में आयोजित कार्यक्रम में जैन विद्या परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले परीक्षार्थियों और अतिथियों की सामूहिक उपस्थिति।

आमेट में जैन विद्या के प्रचार-प्रसार और धार्मिक एवं आध्यात्मिक ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित घर-घर जैन विद्या अभियान के तहत तेरापंथ सभा भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वर्ष 2025 में आयोजित जैन विद्या परीक्षा में उत्तीर्ण 53 परीक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। परीक्षा में 99 अंक प्राप्त करने वाले श्रेष्ठ परीक्षार्थी ऋषभ डांगी ने आमेट का गौरव बढ़ाया।

22 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में समण संस्कृति संकाय की राजस्थान प्रभारी पूनम तलेसरा, नाथद्वारा के नेतृत्व में नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं पूर्व मंत्री का आमेट आगमन हुआ। इस अवसर पर नव निर्वाचित पदाधिकारी मुकेश कोठारी, केलवा, सुनील मुणोत, भीम तथा पूर्व अध्यक्ष विमला देवी बाफना और मंत्री आशा कोठारी, नाथद्वारा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के मंगलाचरण से हुआ। तेरापंथ सभा अध्यक्ष यशवंत कुमार चोरड़िया ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद समण संस्कृति संकाय की राजस्थान प्रभारी पूनम तलेसरा, सुनील मुणोत, मुकेश कोठारी एवं विमला देवी बाफना ने जैन विद्या के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकाधिक लोगों को जैन विद्या से जोड़ने, धार्मिक एवं आध्यात्मिक ज्ञान का प्रचार-प्रसार करने तथा जन-जन में जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। सभा मंत्री ज्ञानेश्वर मेहता ने भी जैन विद्या के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 में आयोजित जैन विद्या परीक्षा में उत्तीर्ण 53 परीक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। इनमें श्रेष्ठ परीक्षार्थी ऋषभ डांगी ने 99 अंक प्राप्त किए। सम्मान समारोह से परीक्षार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ और उन्हें जैन विद्या के नियमित अध्ययन के लिए प्रेरणा मिली।

इस अवसर पर महासभा सदस्य प्रवीण ओस्तवाल, जैन विद्या मेवाड़ आंचलिक संयोजक मनोहर लाल जी दुग्गड़, आमेट केंद्र व्यवस्थापक देवेंद्र पितलिया, सह व्यवस्थापक विपुल पितलिया एवं श्रीमती उमा जी हिरण, महेंद्र कुमार बोहरा, देवेंद्र मेहता, सुदीप छाजेड़, प्रकाश चोरड़िया, महिला मंडल अध्यक्ष मंजू हिरण, अणुव्रत समिति अध्यक्ष रेणु छाजेड़, मंत्री अनिता छाजेड़, निर्मला मेहता, प्रेमलता कच्छारा, सोनी देवी बाफना, रेखा पीतलिया और लीला देवी चोरड़िया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रावक समाज के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं समाचार की जानकारी पवन कच्छारा ने दी।

Tags: