राजसमंद के रेलमगरा थाना क्षेत्र स्थित सादड़ी गांव में ज्वारा विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों के हमले में घायल हुए लोगों का सामुदायिक चिकित्सालय में इलाज जारी है।   

राजसमंद जिले के रेलमगरा थाना क्षेत्र के सादड़ी गांव में नवरात्र के ज्वारा विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर भगदड़ मच गई। महिला-पुरुष सहित कुल 17 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए रेलमगरा सामुदायिक चिकित्सालय पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, नवरात्र के ज्वारा विसर्जन के लिए माताजी मंदिर से ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला गया था। जुलूस तालाब पहुंचा, जहां पूजा-अर्चना के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। उस समय मौके पर 200 से अधिक ग्रामीण मौजूद थे।

मधुमक्खियों के अचानक हमले से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने मधुमक्खियों से बचने के लिए भागने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ लोग गिरकर भी घायल हो गए। हमले में महिला और पुरुष सहित 17 ग्रामीण चोटिल हुए, जिन्हें तत्काल रेलमगरा सामुदायिक चिकित्सालय ले जाया गया।

चिकित्सक डॉ. कमलेश बोहरा के अनुसार, घायलों में सुवाराम, उदयसिंह और भूरालाल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें राजसमंद के आरके जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। ज्वारा विसर्जन के धार्मिक आयोजन के दौरान अचानक हुए इस हादसे से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों को उपचार की आवश्यकता पड़ी।

Tags: