तस्वीर में जिला निर्वाचन अधिकारी शुभम चौधरी और पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ धरियावद और छोटीसादड़ी नगरपालिका चुनाव प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं।

प्रतापगढ़ जिले में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को धरियावद और छोटीसादड़ी नगरपालिका क्षेत्रों में मतदान होगा। दोनों नगर निकायों के 45 मतदान केंद्रों पर कुल 23,753 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए गुरुवार को मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया।

शहर के हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी शुभम चौधरी और पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ सहित निर्वाचन एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, आवश्यक प्रपत्रों, मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं और निर्वाचन आयोग के निर्देशों की जानकारी मतदान दलों को दी गई। दलों को निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

दूसरे चरण में धरियावद नगरपालिका के 20 बूथों पर 9,417 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 4,706 पुरुष और 4,711 महिला मतदाता हैं। यहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से पांच अधिक है। सुरक्षा की दृष्टि से धरियावद के 5 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।

छोटीसादड़ी नगरपालिका क्षेत्र में 25 मतदान केंद्रों पर 14,336 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 7,020 पुरुष, 7,315 महिला और 1 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। छोटीसादड़ी में 9 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील और 16 बूथ सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं।

मतदाता संख्या के लिहाज से धरियावद में बूथ संख्या 14, वार्ड 15 स्थित पशु चिकित्सालय सबसे बड़ा मतदान केंद्र है। यहां 743 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके बाद बूथ संख्या 16 में 712 मतदाता हैं। बूथ संख्या 17 में सबसे कम 259 मतदाता पंजीकृत हैं।

छोटीसादड़ी में बूथ संख्या 10, वार्ड 10 स्थित एमजीजीएस पुराना दाता भैरव सबसे बड़ा मतदान केंद्र है, जहां 1,171 मतदाता मतदान करेंगे। वहीं बूथ संख्या 19, वार्ड 19 स्थित राजकीय सीएचसी पुराने भवन में सबसे कम 327 मतदाता पंजीकृत हैं।

दोनों नगर निकायों में कुल 14 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील श्रेणी में हैं। इन केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है।

पहले चरण में प्रतापगढ़ और अरनोद में मतदान संपन्न होने के बाद अब दूसरे चरण में धरियावद और छोटीसादड़ी में मतदान होगा। शुक्रवार सुबह मतदान शुरू होने के साथ ही दोनों नगर निकायों में चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता ईवीएम में दर्ज करेंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है।

Tags: