जन आक्रोश यात्रा पहुंची खेड़िया माता जी, कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
प्रतापगढ़ में कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा खेड़िया माता जी पहुंची। नेताओं ने भाजपा सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी के आरोप लगाए।
तस्वीर में प्रतापगढ़ के गौतमेश्वर मंडल में आयोजित कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता और स्थानीय ग्रामीण नजर आ रहे हैं।
प्रतापगढ़ में कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा गुरुवार को गौतमेश्वर मंडल के अचनारा पंचायत क्षेत्र स्थित खेड़िया माता जी पहुंची। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिग्विजय सिंह पुरावत ने की, जबकि पूर्व विधायक रामलाल मीणा मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक के खिलाफ संघर्ष कर रहे युवाओं पर हुए हमले, बिजली और चिकित्सा व्यवस्था, बदहाल सड़कों तथा किसानों के लिए खाद की किल्लत का मुद्दा उठाया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों के भुगतान में देरी, माबाड़ी केंद्रों को बंद किए जाने तथा मनरेगा में मजदूरी और भुगतान व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए गए।
यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की अन्नपूर्णा फूड पैकेट और चिरंजीवी योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद किए जाने का आरोप लगाया। नेताओं ने मेडिकल कॉलेज का काम रोकने और गहलोत सरकार के समय निर्मित क्रिटिकल केयर वार्ड को अभी तक शुरू नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया।
पूर्व विधायक रामलाल मीणा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिग्विजय सिंह पुरावत ने कहा कि जन आक्रोश यात्रा जनता की आवाज बनकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन इस बात का संकेत है कि लोग अपने हक और अधिकार के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने को तैयार हैं।
कार्यक्रम के दौरान कई युवाओं ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल वीरवाल, दलोट उपप्रधान ब्रजेंद्र सिंह चुण्डावत, महेंद्र सिंह कोटड़ी, सोहनलाल मीणा, भेरूलाल डांगी, राधादेवी मीणा, अनिल शर्मा, अनिल व्यास, दिलखुश डांगी, पंचायत समिति सदस्य अनिल मीणा, उपसरपंच दिनेश प्रजापत, प्रहलाद मोवाई, कन्हैयालाल मीणा, समरथलाल मीणा, सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस ने बताया कि जन आक्रोश यात्रा आगामी 30 अगस्त को दिवाक माता जी पहुंचेगी। इस दौरान अधिक से अधिक लोगों से शामिल होकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर आवाज बुलंद करने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष अशोक सुथार ने आभार व्यक्त किया।