अरनोद थाना परिसर में आयोजित सीएलजी बैठक के दौरान आईजी गौरव श्रीवास्तव ने जनप्रतिनिधियों और युवाओं से संवाद कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर चर्चा की।

अरनोद थाना परिसर में आयोजित सीएलजी बैठक में पुलिस महानिदेशक (डीजी) एवं उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव ने सीएलजी सदस्यों से ऑनलाइन सीधा संवाद किया। बैठक में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद मजबूत करने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

आईजी गौरव श्रीवास्तव ने महिला अपराधों की रोकथाम, आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने, यातायात नियमों की पालना तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर व्यवहार एवं आपसी विश्वास बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस के साथ आमजन की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।

बैठक के दौरान सीएलजी से जुड़े सदस्यों के साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और युवाओं को जोड़ने को लेकर भी संवाद किया गया। क्षेत्र की समस्याओं, सामाजिक समरसता एवं कानून व्यवस्था से जुड़े विषयों पर सुझाव लिए गए।

इस अवसर पर अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा सहित पुलिस जवान, विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि, युवा एवं समाजसेवी मौजूद रहे। बैठक में पुलिस एवं आमजन के बीच समन्वय बढ़ाने और क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया।

Tags: