सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एमएलसी चुनाव में धांधली के गंभीर आरोपों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला।

उत्तर प्रदेश के शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान कथित गड़बड़ियों और अपने समर्थकों को परेशान किए जाने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डॉ. आकाश अग्रवाल का समर्थन करते हुए भाजपा नेताओं, उनके सहयोगियों और अधिकारियों पर मिलकर चुनावी धांधली करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।


डॉ. आकाश अग्रवाल ने आज तक से खास बातचीत में चुनाव के दौरान हुई कथित परेशानियों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उनका आरोप है कि 12 जिलों में उनके शिक्षक साथियों और स्कूल प्रबंधकों को परेशान किया गया। उन्होंने कहा, “मुझे ऐसा महसूस होने लगा है, जैसे मैं पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी हूं। ये चाहेंगे तो मेरे पास ड्रग्स या हथियार रखकर भी मुझे अंदर करवा सकते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें पहले पता होता कि चुनाव लड़ने की वजह से उनके साथियों को इतनी परेशानी उठानी पड़ेगी, तो वह चुनाव लड़ते ही नहीं।

चुनाव के दौरान कथित तौर पर हुई इन घटनाओं से आहत डॉ. आकाश अग्रवाल ने धर्म परिवर्तन करने की बात भी कही थी। उनके इस बयान और अपनी परेशानी जाहिर करने के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर भाजपा पर निशाना साधा और सपा प्रत्याशी के समर्थन में अपना पक्ष रखा।

अखिलेश यादव ने कहा कि डॉ. आकाश अग्रवाल के साथ हुए व्यवहार से पूरा अग्रवाल समाज आहत है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “उप्र व देश-दुनिया का संपूर्ण ‘अग्रवाल समाज’ ये आँसू देखकर बेहद आहत है। शिक्षक/स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल जी को हराने के लिए भाजपाइयों, उनके संगी-साथियों व अधिकारियों ने मिलकर चुनावी घपलों की सारी हदें पार कर दीं, जिससे प्रताड़ित, दुखी व अपमानित होकर डॉ. आकाश अग्रवाल जी एक ऐसा फ़ैसला लेने की घोषणा कर रहे हैं, जिससे उनकी तरह संपूर्ण ‘अग्रवाल समाज’ भी व्यथित हो गया है।”

सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि समय आने पर उनकी पार्टी डॉ. आकाश अग्रवाल को उचित सम्मान और स्थान देकर पूरे अग्रवाल समाज के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में धांधली करने वालों की भ्रष्ट सत्ता अब और नहीं चलेगी और जनता उन्हें सत्ता से बाहर करने का काम करेगी।

अखिलेश यादव ने अपने बयान में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा किसी की सगी नहीं है।” उन्होंने डॉ. आकाश अग्रवाल और पूरे अग्रवाल समाज के साथ खड़े होने की बात दोहराई। शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के बाद सामने आए इन आरोपों ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनाव प्रक्रिया और प्रत्याशियों के साथ कथित व्यवहार को लेकर विवाद को और तेज कर दिया है।