सड़क सुरक्षा को लेकर जिला परिवहन विभाग ने वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों से यातायात नियमों की पूर्ण पालना करने और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है। विभाग ने विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की हिदायत दी है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।

जिला परिवहन अधिकारी कुलज्योति ने बताया कि सड़क पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इसके साथ ही अन्य वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने से यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहती है और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

उन्होंने वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों से आग्रह किया कि वे स्वयं यातायात नियमों की पालना करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। यातायात नियमों की पालना से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।

जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने अथवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने सड़क सुरक्षा को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए सुरक्षित यातायात के लिए यातायात नियमों की पालना करने और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देने की अपील की है।

Tags: