बदनोर ब्लॉक में स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक लेते सीएमएचओ डॉ. संजय गेहलोत।

बदनोर ब्लॉक में स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में सीएमएचओ डॉ. संजय गेहलोत ने विभागीय अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को व्यवस्थाओं में सुधार और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति और आगामी तीन माह के लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

ब्लॉक स्तर पर आयोजित इस बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संजय गेहलोत तथा खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMO) डॉ. अनुज पिंगोलिया उपस्थित रहे। बैठक में सेक्टर चिकित्सा अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) एवं एएनएम ने भाग लिया।

बैठक के दौरान सीएमएचओ डॉ. संजय गेहलोत ने ब्लॉक में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान सिविल कार्यों की प्रगति, मानव संसाधन की उपलब्धता, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण, गुणवत्ता आश्वासन तथा IPHS मानकों की पालना से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

मातृ स्वास्थ्य, नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, परिवार कल्याण और टीकाकरण कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, एनसीडी कार्यक्रम, एचबीएनसी तथा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) की पहचान और संबंधित महिलाओं के फॉलोअप पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान योजना, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, एनआरएचएम के अंतर्गत संचालित सामुदायिक गतिविधियों, 108 एम्बुलेंस सेवा, आशा कार्यक्रम तथा बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

सीएमएचओ डॉ. संजय गेहलोत ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने और आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करने पर जोर देते हुए गैर-संचारी रोगों (NCD) की स्क्रीनिंग एवं फॉलोअप, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नवजात शिशुओं की गृह आधारित देखभाल (HBNC) तथा नियमित टीकाकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी तीन माह के लिए 10 प्रमुख प्राथमिकता गतिविधियों एवं संकेतकों का चयन कर उनमें सुधार के लक्ष्य निर्धारित करने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही पूर्व माह और वर्तमान माह की उपलब्धियों की तुलनात्मक समीक्षा तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में निर्धारित प्राथमिकताओं के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति में सुधार लाने के लिए लक्ष्य आधारित कार्ययोजना पर विशेष ध्यान दिया गया।

Tags: