ब्यावर में 20 नवंबर को पंचायत चुनाव मतगणना से पहले प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई।

ब्यावर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणामों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को ब्यावर के सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना को व्यवस्थित, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने गुरुवार, 19 नवंबर को मतगणना स्थल सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतगणना के लिए निर्धारित कक्षों, गणना पर्यवेक्षकों, गणना सहायकों और गणना अभिकर्ताओं की बैठक व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही ईवीएम स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल पर प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने बताया कि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर 2026 को प्रातः 8 बजे से सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय, ब्यावर में होगी। मतगणना के लिए प्रत्येक कक्ष में पंचायत समिति के वार्डवार टेबल निर्धारित की गई हैं। रास पंचायत समिति की मतगणना महाविद्यालय के कमरा नंबर 22 में, जैतारण की स्टेज हॉल में, रायपुर की प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 127 में, जवाजा की कमरा नंबर 28 में, नरबदखेड़ा की कमरा नंबर 29 में, बदनोर की कमरा नंबर 122 में तथा मसूदा की मतगणना कमरा नंबर 05 में की जाएगी। इन सभी स्थानों पर संबंधित पंचायत समिति के साथ जिला परिषद के वार्डों की मतगणना भी की जाएगी।

मतगणना स्थल पर प्रवेश व्यवस्था के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं और मतगणना एजेंटों के साथ जिला परिषद वार्ड के अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं मतगणना एजेंटों के लिए महाविद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर प्रवेश की प्रक्रिया प्रातः 6 बजे से शुरू हो जाएगी। ऐसे में मतगणना से जुड़े सभी पक्षों से निर्धारित समय पर अपने नियोजित स्थान पर पहुंचने का अनुरोध किया गया है, ताकि प्रवेश व्यवस्था सुचारू बनी रहे और मतगणना संबंधी कार्यों में अनावश्यक बाधा उत्पन्न न हो।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं और मतगणना एजेंटों से निर्धारित प्रवेश द्वार, प्रवेश पास तथा अन्य व्यवस्थाओं के नियमों का पालन करने और मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Tags: