ब्यावर में जिला परिषद चुनाव मतगणना प्रशिक्षण के दौरान जानकारी देते प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार भाटी। 

ब्यावर। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 20 नवंबर को होने वाली मतगणना के लिए राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्यावर में 234 गणन पर्यवेक्षकों एवं सहायक गणन पर्यवेक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने उपस्थित निर्वाचन कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील बताते हुए कहा कि सभी कार्मिक प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी को गंभीरता से समझें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के साथ निर्धारित प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।


इस दौरान जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर (DLMT) एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार भाटी, नेमीचन्द यादव तथा खीमराज कटारिया ने मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निर्धारित नियमों, आवश्यक सावधानियों और मतगणना से जुड़े विभिन्न दायित्वों को विस्तारपूर्वक समझाया। साथ ही मतगणना के दौरान अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली और उसके व्यावहारिक पहलुओं पर भी कार्मिकों को प्रशिक्षित किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन एवं समुचित प्रबंधन राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार भाटी द्वारा किया गया। 20 नवंबर को होने वाली जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के मद्देनजर इस प्रशिक्षण के माध्यम से निर्वाचन कार्मिकों को निर्धारित प्रक्रिया और उनकी जिम्मेदारियों के प्रति आवश्यक रूप से तैयार किया गया।

Tags: