पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत ब्यावर जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणामों की तस्वीर 20 नवंबर को मतगणना के साथ साफ होगी। मतगणना सुबह 8 बजे से सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय, ब्यावर में शुरू होगी। इसके लिए जिले की सात पंचायत समितियों के 776 बूथों की मतगणना हेतु कुल 63 टेबल और अलग-अलग कक्ष निर्धारित किए गए हैं। जिला परिषद के 27 वार्डों और पंचायत समिति सदस्यों के 129 वार्डों के परिणाम इसी केंद्र पर घोषित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने बताया कि मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को निर्धारित समय पर शुरू होगी। सातों पंचायत समितियों के कुल 776 बूथों की मतगणना 63 टेबलों पर कराई जाएगी। पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के लिए प्रत्येक वार्ड के लिए एक-एक टेबल निर्धारित की गई है। निर्धारित राउंड के अनुसार मतों की गणना पूरी की जाएगी।

रास पंचायत समिति के लिए सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय के कमरा नंबर 22 में 7 गणना टेबल निर्धारित की गई हैं। यहां जिला परिषद के वार्ड संख्या 1 से 4 और पंचायत समिति के 17 वार्डों के 102 बूथों की मतगणना 17 राउंड में होगी।

जैतारण पंचायत समिति की मतगणना महाविद्यालय के स्टेज हॉल में होगी। यहां 11 गणना टेबल लगाई गई हैं। इन पर जिला परिषद के वार्ड संख्या 5 से 8 तथा पंचायत समिति के 21 वार्डों के 144 बूथों की मतगणना 16 राउंड में पूरी की जाएगी।

रायपुर पंचायत समिति के लिए प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 127 में 11 गणना टेबल निर्धारित की गई हैं। यहां जिला परिषद के वार्ड संख्या 9 से 13 और पंचायत समिति के 21 वार्डों के 133 बूथों की मतगणना 15 राउंड में होगी।

जवाजा पंचायत समिति की मतगणना कमरा नंबर 28 में होगी, जहां 7 गणना टेबल लगाई गई हैं। यहां जिला परिषद के वार्ड संख्या 14 से 16 और पंचायत समिति के 15 वार्डों के 82 बूथों की मतगणना 14 राउंड में कराई जाएगी।

नरबदखेड़ा पंचायत समिति के लिए कमरा नंबर 29 में 7 गणना टेबल निर्धारित की गई हैं। यहां जिला परिषद के वार्ड संख्या 17 से 19 और पंचायत समिति के 15 वार्डों के 88 बूथों की मतगणना 14 राउंड में होगी।

बदनोर पंचायत समिति की मतगणना कमरा नंबर 122 में होगी। इसके लिए 7 गणना टेबल निर्धारित की गई हैं। यहां जिला परिषद के वार्ड संख्या 20 एवं 21 तथा पंचायत समिति के 15 वार्डों के 68 बूथों की मतगणना 12 राउंड में पूरी होगी।

मसूदा पंचायत समिति के लिए दो कमरों में कुल 13 गणना टेबल निर्धारित की गई हैं। कमरा नंबर 05 में टेबल संख्या 1 से 7 तक कुल 7 टेबल और कमरा नंबर 04 में टेबल संख्या 1 से 6 तक कुल 6 टेबल लगाई जाएंगी। यहां जिला परिषद के वार्ड संख्या 22 से 27 तथा पंचायत समिति के 25 वार्डों के 159 बूथों की मतगणना 15 राउंड में होगी। इस प्रकार जिले की सातों पंचायत समितियों के लिए कुल 63 गणना टेबल पर मतगणना संपन्न कराई जाएगी।

मतगणना के दौरान अभ्यर्थियों और उनके गणना अभिकर्ताओं के प्रवेश को लेकर भी जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। पंचायतराज निर्वाचन नियम 1994 के नियम 70 के तहत गणना अभिकर्ताओं की नियुक्ति और प्रवेश की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी अथवा निर्वाचन अभिकर्ता की ओर से हस्ताक्षरित प्रारूप-10 में दो प्रतियों में आवेदन प्रस्तुत करने पर गणना अभिकर्ताओं के फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। बिना फोटोयुक्त प्रवेश पत्र के किसी भी गणना अभिकर्ता को मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं मिलेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना से जुड़े सभी अधिकारियों और कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मतगणना कार्य पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने तथा सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा है। मतगणना स्थल पर निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मतगणना केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों और उनके गणना अभिकर्ताओं के पास फोटोयुक्त प्रवेश पत्र होना अनिवार्य रहेगा। प्रत्येक अभिकर्ता को अपना प्रवेश पत्र साथ रखना होगा और उसे केवल उसी मतगणना कक्ष तथा टेबल पर उपस्थित रहने की अनुमति होगी, जिसके लिए उसकी नियुक्ति की गई है। अन्य मतगणना कक्षों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

मतगणना स्थल पर प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। किसी भी कार्मिक अथवा मतगणना अभिकर्ता को मोबाइल फोन मतगणना परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी मतगणना भवन में ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने मतगणना की प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के तहत निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रवेश व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी निर्देश स्पष्ट कर दिए हैं।

Tags: