ब्यावर में मतदाता जागरूकता के तहत स्कूलों में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन
जिला स्वीप टीम की पहल पर ब्यावर के स्कूलों में 'मेहंदी से मतदान तक' थीम पर प्रतियोगिता आयोजित कर शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया गया।
ब्यावर के स्कूल में स्वीप अभियान के तहत मतदाता जागरूकता का संदेश देती छात्राएं।
ब्यावर। हाथों पर सजी मेहंदी की कलाकृतियों के जरिए लोकतंत्र को मजबूत बनाने और शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया गया। जिला स्वीप टीम की पहल पर जिले के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। ‘मेहंदी रचे हाथ, मतदान के साथ’ और ‘मेहंदी से मतदान तक’ थीम पर हुई इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से मताधिकार के महत्व को प्रदर्शित किया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने मेहंदी के आकर्षक डिजाइनों के जरिए लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार और मतदान में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी को दर्शाया। इन कलाकृतियों के माध्यम से संदेश दिया गया कि जिस तरह मेहंदी हाथों की सुंदरता बढ़ाती है, उसी तरह प्रत्येक मत लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जिला स्वीप टीम की ओर से आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मताधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के माध्यम से आमजन को भी मतदान के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
जिले के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में जिला स्वीप टीम द्वारा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इन गतिविधियों के जरिए नागरिकों को निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने के साथ अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मेहंदी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने कलात्मक अभिव्यक्ति को लोकतांत्रिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए शत-प्रतिशत मतदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की पहल की।