तस्वीर में ब्यावर में सभापति श्रीमती पुष्पा जयकिशन बल्दुआ महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करती हुई नजर आ रही हैं।

ब्यावर, 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत नगर परिषद ब्यावर द्वारा 02 अक्टूबर 2026 को शहर में स्वच्छता, नशा मुक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों की शुरुआत महात्मा गांधी सर्किल से हुई और दिनभर अलग-अलग स्थानों पर स्वच्छता, नशा मुक्ति तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आयोजन किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे चांग गेट स्थित महात्मा गांधी सर्किल पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर भजन एवं रामधुन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री शंकर सिंह रावत, जिला कलेक्टर श्री कमलराम मीना, पुलिस अधीक्षक श्री रतन सिंह, सभापति श्रीमती पुष्पा जयकिशन बल्दुआ, अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनुकृति उज्जैनिया, आयुक्त श्रीमति कीर्ति कुमावत, उपसभापति श्री दीक्षांत हरचंदानी, पार्षद श्री रामावतार लाटा, श्री गोविन्द अग्रवाल, श्री गोपाल सिंह रावत, श्री रूपेश भारद्वाज, श्री तुलसीराम, श्री मुकेश सामरिया, राजस्व अधिकारी श्री मोहिन्द्र राय फुलवारी, भाजपा नेता श्री जयकिशन बल्दुआ, श्री मंगत सिंह, श्री वीरेन्द्र सिंह रावत, श्री बद्री सामरिया, अति प्रशासनिक अधिकारी दमयंती जयपाल, पैरोकार मनोज शर्मा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी सुरेश काठात, कनिष्ठ अभियंता श्री कपिल गोरा, श्री रतन सिंह, श्री मति रेखा शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस दौरान विधायक महोदय ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

इसके बाद प्रातः 8:30 बजे विशेष स्वच्छता एवं सफाई अभियान आयोजित किया गया। इसके तहत अम्बेडकर सर्किल से महात्मा गांधी सर्किल होते हुए कुमारानंद सर्किल से चांग गेट तक स्वच्छता जागरूकता के साथ विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में प्रातः 9:00 बजे चांग गेट से नशा मुक्ति रैली का शुभारंभ विधायक महोदय, जिला कलेक्टर महोदय, सभापति महोदया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

प्रातः 9:15 बजे जाजोदिया पार्क में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ब्यावर के संकल्प को आगे बढ़ाया।

इसके उपरांत प्रातः 9:45 बजे शास्त्री सर्किल पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान उनके आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण किया गया।

इस अवसर पर सभापति श्रीमती पुष्पा जयकिशन बल्दुआ ने समस्त जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं शहरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छ भारत अभियान एवं नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाकर स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर ब्यावर के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

नगर परिषद ब्यावर ने आमजन से आह्वान किया कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नशा मुक्ति के सामूहिक संकल्प को जनआंदोलन बनाकर ब्यावर को स्वच्छ एवं आदर्श शहर बनाने में सहयोग प्रदान करें।

Tags: