तस्वीर में ब्यावर के एक विद्यालय परिसर में हरी घास पर बैठे स्काउट-गाइड और रोवर-रेंजर प्रशिक्षण शिविर के प्रतिभागी नजर आ रहे हैं।

ब्यावर, 01 अक्टूबर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ ब्यावर के तत्वावधान में स्थानीय केली देवी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, सूरज पोल गेट में आयोजित कब-बुलबुल, स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर एवं राज्य पुरस्कार प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न हुआ।

स्थानीय संघ सचिव गोपाल शर्मा ने बताया कि पांच दिवसीय शिविर में शिविरार्थियों को यूनिफार्म, ध्वज ज्ञान एवं खेल गतिविधियों के साथ प्राथमिक चिकित्सा, गांठें, प्रार्थना, झंडा-गीत, रात्री-गीत, कैम्प फायर और फूड प्लाजा सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया गया।

शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि रमेश आचार्य ने शिविरार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्काउटिंग जीवन के लिए बहुत उपयोगी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्टेट एक्ज्यूकेटिव कमेटी सदस्य एवं लीडर ट्रेनर डॉ. विनोद मेहरा ने की। उन्होंने बालचरों को निरंतर मेहनत करते हुए आगामी लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बालचर गतिविधियों से अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, साहस, एकाग्रता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

शिविर के आयोजन में सहायक लीडर ट्रेनर बाबुद्दीन काठात, पूनम चौधरी, स्काउट विष्णुदत्त गोयल, अभिलाषा तिवारी, धीरज सोलंकी, सुरेन्द्र जोशी और सम्पत्ति बोहरा सहित अन्य ने महत्ती भूमिका निभाई। पांच दिवसीय प्रशिक्षण के समापन के साथ शिविरार्थियों को स्काउटिंग गतिविधियों और जीवनोपयोगी कौशल का प्रशिक्षण मिला।

Tags: