तस्वीर में स्वीप बैनर के पास वृद्धजन और टीम सदस्य एक साथ बैठे हैं।

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला स्वीप टीम की ओर से ब्रह्मधाम वृद्धाश्रम, ब्यावर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर वृद्धजनों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। आयोजन में वृद्धजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ लोकतंत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्वीप टीम के सदस्यों ने वृद्धजनों का माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उनसे संवाद करते हुए मतदान के अधिकार, मत की महत्ता तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी पर चर्चा की गई।

वृद्धजनों ने भी अपने जीवनानुभव साझा करते हुए मतदान के महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मतदान केवल नागरिक का अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति महत्वपूर्ण दायित्व भी है। उनके अनुभवों और विचारों से कार्यक्रम में आत्मीयता के साथ प्रेरणादायी संदेश भी उभरा।

स्वीप टीम के सदस्यों ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवनानुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता सदैव महत्वपूर्ण रही है। उनके अनुभवों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को जागरूक मतदाता के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में सीताराम प्रजापति, प्रधानाचार्य, पंकज परिहार, उपप्रधानाचार्य, धीरज जैन, अध्यापिका तथा राजेश कुमार, कंप्यूटर अनुदेशक ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए वृद्धजनों का सम्मान किया।

वृद्धजनों के सम्मान, उनके अनुभवों के प्रति कृतज्ञता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता के इस आयोजन ने आत्मीयता का संदेश दिया। अंत में स्वीप टीम ने सभी वृद्धजनों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की मंगलकामना करते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता से मतदान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

Tags: