राजस्थान छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 31 दिसंबर 2026 तक कर सकेंगे आवेदन
राजस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दी गई है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शिक्षण संस्थाओं के पंजीकरण, नवीनीकरण, कोर्स मैपिंग और फीस स्ट्रक्चर अपडेट करने की समय-सीमा में भी संशोधन किया है।
राजस्थान में छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को राहत मिली है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शिक्षण संस्थाओं के छात्रवृत्ति पोर्टल पर पंजीकरण और विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दी है।
जयपुर/ब्यावर, 28 अक्टूबर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव श्री ललित कुमार ने बताया कि विभाग की छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शिक्षण संस्थाओं के पंजीकरण और नवीनीकरण की अंतिम तिथि में संशोधन किया गया है। इसके साथ ही कोर्स मैपिंग, मान्यता और पाठ्यक्रम के अनुसार फीस स्ट्रक्चर को अद्यतन करने की समय-सीमा भी बढ़ाई गई है।
उन्होंने बताया कि राजकीय एवं निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पेपरलेस ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से पंजीकरण कर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करना है। इसके लिए पहले अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई थी, जिसे संशोधित कर 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है।
श्री ललित कुमार के अनुसार, विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए अब आवेदन और संबंधित प्रक्रियाओं के लिए नई अंतिम तिथि 31 दिसंबर, 2026 निर्धारित की गई है। इस संशोधन से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल पर पंजीकरण, नवीनीकरण और ऑनलाइन आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों तथा शिक्षण संस्थाओं को अतिरिक्त समय मिलेगा।