तस्वीर में रायपुर सड़क पर फूलों से सजी गाड़ी के पास भीड़ ईडब्ल्यूएस यात्रा का स्वागत कर रही है।

बाड़मेर के आलोक आश्रम से शुरू हुई ‘ईडब्ल्यूएस सरलीकरण यात्रा’ मंगलवार को रायपुर पहुंची, जहां आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) आरक्षण व्यवस्था की विसंगतियों को दूर करने और नियमों के सरलीकरण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी के नेतृत्व में निकाली जा रही इस जनजागरूकता यात्रा में रायपुर कस्बे सहित आसपास के लगभग हर ग्रामीण क्षेत्र से युवा, बुजुर्ग और आमजन बड़ी संख्या में पहुंचे।

रायपुर में उमड़े जनसमूह के समर्थन के बीच रायपुर से जैतारण तक विशाल वाहन रैली निकाली गई। सैकड़ों वाहनों के लंबे काफिले के साथ यात्रा जैतारण की ओर रवाना हुई। रैली में शामिल युवाओं ने वंचित वर्ग के अधिकारों और ईडब्ल्यूएस आरक्षण की विसंगतियों के समाधान की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।

जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा कि सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संबल देने के लिए ईडब्ल्यूएस आरक्षण लाया गया था, लेकिन वर्तमान में इसके नियम और शर्तें इतनी जटिल हैं कि वास्तविक जरूरतमंद युवा इसके लाभ से वंचित रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक नियमों का सरलीकरण नहीं होगा, तब तक वंचित वर्ग को उनका वाजिब हक नहीं मिल सकेगा।

विधायक भाटी ने केंद्र और राज्य स्तर पर ईडब्ल्यूएस के नियमों में एकरूपता लाने की मांग की। उन्होंने अचल संपत्ति संबंधी बाध्यताओं को हटाकर केवल वार्षिक आय को आधार बनाने की मांग रखी, ताकि सामान्य वर्ग के पात्र युवाओं को शिक्षा और सरकारी नौकरियों में आरक्षण का सीधा लाभ मिल सके। इसके साथ ही ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रशासनिक प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने की भी पुरजोर मांग उठाई गई।

सोजत से शुरू हुई यह यात्रा रायपुर हाईवे स्थित सिद्ध बालाजी मंदिर पहुंची, जहां से विशाल वाहन काफिले के रूप में जैतारण की ओर आगे बढ़ी। विधायक भाटी ने कहा कि यह यात्रा केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि वंचित और पीड़ित वर्ग के हक की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि यात्रा पूरे राजस्थान में जागरूकता फैलाकर सरकार तक जनता की मजबूत आवाज पहुंचाने का काम कर रही है।

इस दौरान रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे जनसमूह ने ईडब्ल्यूएस आरक्षण में सुधार की इस मुहिम को पूर्ण समर्थन देने का संकल्प दोहराया। रायपुर से जैतारण तक निकली वाहन रैली के जरिए ईडब्ल्यूएस नियमों के सरलीकरण और आरक्षण संबंधी विसंगतियों के समाधान की मांग को आगे बढ़ाया गया।

Tags: