ब्यावर: स्कूलों में 'खेल खिलाओ, मतदान बढ़ाओ' अभियान से बढ़ी जागरूकता
जिला स्वीप टीम के तत्वावधान में खेल गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों ने दिया लोकतंत्र को मजबूत करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने का संदेश।
ब्यावर में स्वीप अभियान के तहत स्कूली छात्राओं ने मतदान जागरूकता का संदेश देकर वोट डालने की अपील की।
ब्यावर, 24 अक्टूबर। खेल के मैदान से लोकतंत्र की मजबूती का संदेश देते हुए विद्यार्थियों ने मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल की। जिला स्वीप टीम के तत्वावधान में जिले के राजकीय एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में ‘खेल खिलाओ, मतदान बढ़ाओ’ थीम पर खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मतदान के महत्व का संदेश दिया।
गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों को मतदान का महत्व समझाया गया। उन्हें बताया गया कि प्रत्येक मत लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों को अपने परिवारजनों और आसपास के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा पात्र नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करने की सीख दी गई। खेल गतिविधियों के माध्यम से उनमें अनुशासन, सहयोग और टीम भावना को भी बढ़ावा दिया गया।
जिला स्वीप टीम की ओर से मतदान प्रतिशत बढ़ाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियमित रूप से अलग-अलग थीम पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन तक मतदान का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
‘खेल खिलाओ, मतदान बढ़ाओ’ गतिविधि के जरिए विद्यार्थियों को खेल और लोकतंत्र में भागीदारी का महत्व समझाया गया। अभियान का उद्देश्य यह संदेश देना है कि जिस तरह खेल में प्रत्येक खिलाड़ी की भूमिका अहम होती है, उसी तरह लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और हर वोट महत्वपूर्ण है।