राजस्थान में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत 1 से 20 अक्टूबर 2026 तक 2,40,534 पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान में युवा और पहली बार मतदान के लिए पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरान दोनों आयु वर्गों में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से कुल 7,78,147 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि अभियान के तहत 18–19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के साथ 20 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के उन नागरिकों के पंजीकरण पर भी ध्यान दिया जा रहा है, जिनके नाम मतदाता सूची में अभी तक नहीं जुड़ पाए हैं। प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की समीक्षा के साथ जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में पंजीकरण की प्रगति का आकलन भी किया जा रहा है।

विशेष अभियान के दौरान 18–19 वर्ष आयु वर्ग में कुल 4,30,701 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 1 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त 31,600 अग्रिम आवेदन भी शामिल हैं। वहीं, 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग में 1 से 20 अक्टूबर 2026 तक कुल 3,47,446 आवेदन मिले हैं। इस तरह दोनों आयु वर्गों में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए कुल 7,78,147 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 3,52,778 आवेदनों के संबंध में सात दिन की आपत्ति अवधि पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

नवीन महाजन के अनुसार, 1 से 20 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त आवेदनों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के सकारात्मक निर्णय के बाद दोनों आयु वर्गों के कुल 2,40,534 पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं। इनमें 18–19 वर्ष आयु वर्ग के 58 प्रतिशत आवेदनों का निस्तारण करते हुए 1,39,972 मतदाताओं को शामिल किया गया। वहीं, 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के 54 प्रतिशत आवेदनों का निस्तारण कर 1,00,562 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। शेष आवेदनों पर कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।

18–19 वर्ष आयु वर्ग में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों की उपलब्धि के प्रतिशत के आधार पर बूंदी, भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर, टोंक, बालोतरा, चूरू, कोटपूतली-बहरोड़ और सवाई माधोपुर अग्रणी जिलों में शामिल रहे। वहीं, 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग में 1 से 20 अक्टूबर 2026 के दौरान प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर जयपुर, अलवर, चूरू, करौली, जोधपुर, सीकर, उदयपुर, भीलवाड़ा, पाली और बांसवाड़ा अग्रणी जिले रहे।

विधानसभा क्षेत्रवार प्रदर्शन में 18–19 वर्ष आयु वर्ग के लिए आवेदन प्राप्ति की उपलब्धि प्रतिशत के आधार पर बसेड़ी, गुड़ामालानी, कठूमर, अलवर ग्रामीण, नदबई, खेरवाड़ा, सपोटरा, लाडनूं, बाड़ी और वैर अग्रणी विधानसभा क्षेत्रों में शामिल रहे। दूसरी ओर, 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग में प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर झोटवाड़ा, विद्याधर नगर, टोडाभीम, सुजानगढ़, बानसूर, गंगापुर, श्रीमाधोपुर, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, हिण्डौन और जालौर अग्रणी विधानसभा क्षेत्र रहे।

मतदाता पंजीकरण अभियान की समीक्षा के दौरान आठ विधानसभा क्षेत्रों में लगातार न्यूनतम प्रगति सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूर्व में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस (वीसी) की समीक्षा और 20 अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट में लगातार न्यूनतम प्रगति वाले विधानसभा क्षेत्रों में शामिल पाए जाने के बाद नोखा, रामगंज मंडी, बाड़मेर, शिव, घाटोल, दांतारामगढ़, सांगोद और चौहटन को प्रगति में सुधार के लिए चेतावनी जारी की गई है।

संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में पात्र युवाओं और नवमतदाताओं के पंजीकरण की गति बढ़ाने, नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने और दैनिक प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

नवीन महाजन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अभियान की निरंतर निगरानी करने तथा प्राप्त आवेदनों का शीघ्र और नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voter अथवा ECINET के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों का निस्तारण और कम प्रगति वाले विधानसभा क्षेत्रों में सुधार की समीक्षा आगे भी पंजीकरण प्रक्रिया का अहम हिस्सा रहेगी।

Tags: