ब्यावर में पंचायतीराज संस्थाओं के प्रमुख और उप-प्रमुख पदों के निर्वाचन की तारीखें निर्धारित कर दी गई हैं। जिला परिषद ब्यावर में प्रमुख और उप-प्रमुख पद के लिए 25 और 26 नवंबर, 2026 को निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि पंचायत समितियों के प्रधान और उप-प्रधान पदों के लिए 27 और 28 नवंबर को चुनाव होंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला परिषद के प्रमुख एवं उप-प्रमुख पदों के निर्वाचन के लिए संबंधित निर्वाचित सदस्यों की बैठक क्रमशः 25 और 26 नवंबर को जिला परिषद ब्यावर में आयोजित होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने बताया कि जिला परिषद प्रमुख पद के लिए 25 नवंबर, बुधवार और उप-प्रमुख पद के लिए 26 नवंबर, गुरुवार को सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। दोनों दिन नाम निर्देशन-पत्र सुबह 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा होगी। अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। मतदान की आवश्यकता होने पर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे के बीच मतदान करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पंचायत समितियों के प्रधान और उप-प्रधान पदों के निर्वाचन के लिए संबंधित निर्वाचित सदस्यों की बैठक क्रमशः 27 और 28 नवंबर को संबंधित पंचायत समिति स्तर पर आयोजित की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने स्पष्ट किया कि जिला परिषद और पंचायत समितियों के निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों तथा राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न करवाई जाएगी।

Tags: