कलक्टर कार्यालय में अधिकारी नशे के अवैध कारोबार पर बैठक कर रहे हैं।   

ब्यावर में मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी, बिक्री और सेवन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने की तैयारी की है। जिला कलक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में सोमवार, 23 नवंबर को जिला स्तरीय एनसीओआरडी (नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर) समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय से नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सरकारी, वन एवं कृषि भूमि पर मादक पदार्थों की अवैध खेती की संभावनाओं का पता लगाने के लिए सर्वे करवाने पर चर्चा हुई। इसके लिए वन विभाग, तहसील स्तर के पटवारियों और ग्राम सेवकों की सहायता लेने पर जोर दिया गया। परिवहन विभाग को वाहनों की नियमित जांच के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखने तथा पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

शैक्षणिक संस्थानों के आसपास मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन रोकने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया। बैठक में निर्देश दिए गए कि शैक्षणिक संस्थानों की 500 मीटर की परिधि को ड्रग्स फ्री जोन बनाया जाए। इसके लिए आसपास संचालित पान एवं चाय की दुकानों का संबंधित विभागों की ओर से संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा, ताकि नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन पर रोक लगाई जा सके।

मेडिकल स्टोर एवं फार्मास्यूटिकल ड्रग्स विक्रेताओं की गतिविधियों की निगरानी करने, प्रतिबंधित एवं अवैध नशीली दवाओं की बिक्री रोकने तथा संबंधित एजेंसियों के साथ औचक निरीक्षण करने पर भी चर्चा हुई।

जिले में नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों की काउंसलिंग करने और उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने की कार्ययोजना पर विचार किया गया। इसके साथ ही नशा मुक्ति शिविर आयोजित करने तथा आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया।

मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन मानस-1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। हेल्पलाइन के माध्यम से तस्करी से संबंधित सूचनाएं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ साझा करने पर भी चर्चा हुई। तस्करों द्वारा अर्जित संपत्तियों की जानकारी संकलित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ट्रामाडोल, कोडीन आधारित खांसी की दवाइयों और अन्य साइकोट्रॉपिक पदार्थों के अवैध उपयोग एवं दुरुपयोग की रोकथाम की समीक्षा की गई। जिला अस्पतालों में संचालित डी-एडिक्शन सेंटर और अन्य नशा मुक्ति केंद्रों की व्यवस्थाओं तथा उनकी निगरानी के संबंध में भी चर्चा हुई।

जिला कलक्टर कमल राम मीना ने पूर्व में आयोजित एनसीओआरडी बैठकों में दिए गए निर्देशों की पालना की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने, नियमित निगरानी करने और निर्धारित कार्यों की समयबद्ध पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लोकेश, जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी विशाल सोलंकी सहित महिला एवं बाल विकास, आबकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में तय किए गए विभागीय समन्वय और निगरानी संबंधी निर्देशों के जरिए ब्यावर में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

Tags: