ब्यावर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर बाल विवाह के खिलाफ बैनर और तख्तियां लिए खड़े अधिकारी व महिलाएं।   

ब्यावर में 27 नवंबर को पहली बार अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर कमल राम मीणा ने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान के पोस्टर का विमोचन किया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से गुब्बारे उड़ाकर दिवस की आधिकारिक शुरुआत की और बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक शपथ दिलाई।

बाल अधिकारिता विभाग और दिशा आरसीडी समाजसेवी संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर ब्यावर कमल राम मीणा, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, सहायक निदेशक बाल अधिकारिता विभाग अभिषेक गुजराती और सहायक निदेशक महिला अधिकारिता जगदीश चौधरी मौजूद रहे।

जिला कलेक्टर कमल राम मीणा ने कहा कि बाल विवाह पर अंकुश लगाने के लिए जनजागरूकता आवश्यक है। इसके लिए विभाग और संस्थाओं की ओर से समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर को बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता रथ रवाना किया जाएगा। इसके बाद 4 दिसंबर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में दिशा आरसीडी समाजसेवी संस्था के जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन परियोजना अधिकारी कुशाल सिंह रावत ने बताया कि 27 नवंबर को 10 गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गोहना गांव में मशाल रैली निकाली जाएगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय के लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों तथा बाल विवाह रोकने में समाज की भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम में संस्था की ओर से भीम सिंह, अर्चना, वीनस, लक्ष्मण सिंह, अमिता और बबली चौहान तथा बाल अधिकारिता विभाग की ओर से नीरज जी ने भाग लिया। पोस्टर विमोचन, सामूहिक शपथ और गांवों में प्रस्तावित जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम के लिए अभियान की शुरुआत की गई।

Tags: