पीठ पर बैग टांगे अयान बनर्जी एक स्कूल परिसर में जमीन पर बैठे बच्चों से संवाद करते हुए दिख रहे हैं।


 


24 वर्षीय अयान बनर्जी पर्यावरणीय स्थिरता, करुणा और जागरूक जीवनशैली का संदेश लेकर पूरे भारत में 7,000 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रहे हैं। एक व्यक्तिगत प्रयास के रूप में शुरू हुई उनकी यह पहल अब सामुदायिक संवाद, जनभागीदारी और सामूहिक कार्यों का रूप ले चुकी है। इस यात्रा के माध्यम से अयान बच्चों से लेकर विभिन्न संस्थानों और समुदायों तक पर्यावरण संरक्षण तथा दयालु जीवनशैली का संदेश पहुंचा रहे हैं।

करुणा पदयात्रा नाम से शुरू की गई यह स्वतंत्र, गैर-लाभकारी और गैर-राजनीतिक पहल 3 मार्च, 2026 को पश्चिम बंगाल के सुंदरबन से शुरू हुई थी। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले अयान बिना किसी वाहन का इस्तेमाल किए पूरी यात्रा पैदल कर रहे हैं। इस दौरान वे हजारों बच्चों और विभिन्न संस्थानों के लोगों से संवाद कर रहे हैं। उनका उद्देश्य लोगों को रोजमर्रा की आदतों और पर्यावरण के साथ अपने संबंधों पर दोबारा विचार करने के लिए प्रेरित करना है।

अयान वर्ष 2019 से वीगन हैं और पूरी तरह पौधों पर आधारित आहार लेते हैं। वर्ष 2020 में महज 18 साल की उम्र में उन्हें PETA इंडिया का 'वॉलंटियर ऑफ द ईयर' चुना गया था। यात्रा के दौरान वे जिन लोगों से मिलते हैं, उनसे किसी प्रकार का आर्थिक सहयोग नहीं लेते। इसके बजाय दयालुता के छोटे-छोटे कार्यों के माध्यम से लोगों से जुड़ना उनकी पहल का अहम हिस्सा है।

इस पदयात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव जून 2026 में यात्रा के 100वें दिन आया। आंध्र प्रदेश में नेल्लोर की ओर बढ़ते हुए अयान ने एक ही दिन में 100 किलोमीटर की दूरी पैदल तय की। इसी अवसर पर उन्होंने 'डे 100 चैलेंज' की शुरुआत की, जिसके तहत लोगों को कम से कम एक किलोमीटर पैदल चलने और दयालुता का एक कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

अयान 28 अक्टूबर, 2026 को मुंबई पहुंचे। यहां यात्रा के दौरान 31 अक्टूबर को दिवाली के अवसर पर बांद्रा के कार्टर रोड पर समुद्र तट की सफाई के लिए विशेष अभियान आयोजित किया गया। भामला फाउंडेशन और PAL फाउंडेशन के सहयोग से हुए इस बीच क्लीन-अप अभियान में रुहानिका धवन और निर्मित गौर सहित सैकड़ों स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।

इसके बाद 4 नवंबर को अयान ने NSCCI चिल्ड्रेन्स कॉम्प्लेक्स में लगभग 500 बच्चों के साथ संवाद किया। ITM स्किल्स यूनिवर्सिटी और MNR इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित संवाद सत्रों को मिलाकर मुंबई के इन तीनों संस्थानों में उन्होंने 1,200 से अधिक बच्चों तक अपनी बात पहुंचाई। वहीं, 10 नवंबर को 'द वॉकिंग प्रोजेक्ट' ने TISS, देवनार से बोरीवली तक अयान के साथ 31 किलोमीटर की सॉलिडेरिटी वॉक यानी समर्थन यात्रा आयोजित की।

20 नवंबर तक अयान अपनी पदयात्रा के माध्यम से लगभग 5,800 किलोमीटर की दूरी तय कर चुके थे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग समुदायों के बीच 10,000 से अधिक जैविक सब्जियों के बीज भी वितरित किए। यात्रा में पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों को जागरूक करने और उन्हें छोटे-छोटे व्यावहारिक प्रयासों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

करुणा पदयात्रा की संयोजक अनन्या शर्मा ने कहा, "करुणा पदयात्रा जागरूकता और काम के बीच की दूरी को कम करने की एक कोशिश है, ताकि सस्टेनेबिलिटी (स्थिरता) और करुणा को रोजमर्रा की जिंदगी का व्यावहारिक हिस्सा बनाया जा सके।"

पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ अयान की इस यात्रा में समाज के अलग-अलग वर्गों के बच्चों से संवाद भी महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। वे दिव्यांग बच्चों और दृष्टिबाधित बच्चों के स्कूलों के विद्यार्थियों से भी मिले हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने अक्सर दृष्टिबाधित बच्चों के स्कूलों जैसी जगहों पर पड़ाव डाला और रास्ते में उनका स्वागत करने वाले लोगों के साथ आत्मीय संबंध बनाए।

फिलहाल अयान गुजरात की ओर बढ़ रहे हैं। उनकी 7,000 किलोमीटर लंबी करुणा पदयात्रा दिसंबर 2026 में पूरी होगी। सुंदरबन से शुरू हुआ यह सफर अब तक हजारों बच्चों, सैकड़ों स्वयंसेवकों और विभिन्न समुदायों को पर्यावरणीय स्थिरता, करुणा तथा जागरूक जीवनशैली से जोड़ चुका है।