जीवनदाता परिवार सम्मान: अंगदान करने वाले परिवारों और विशेषज्ञों को मिलेगी पहचान
| 2030 का भारत की इस पहल का उद्देश्य अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना और इंदौर से शुरू हुए इस अभियान का देशभर में विस्तार करना है।
इंदौर में 2030 का भारत द्वारा अंगदान जागरूकता और परिवारों के सम्मान के लिए शुरू की गई पहल।
किसी प्रियजन को खोने का दर्द असहनीय होता है, लेकिन इसी पीड़ा के बीच कुछ परिवार अंगदान और टिश्यूदान का निर्णय लेकर दूसरों को जीवन की नई उम्मीद देते हैं। ऐसे परिवारों के त्याग, साहस और मानवीय संवेदनाओं को समाज में पहचान दिलाने के उद्देश्य से 2030 का भारत ने जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 की पहल की है। इस आयोजन के माध्यम से अंगदान करने वाले परिवारों के साथ जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और चिकित्सा सेवाओं से जुड़े विशेषज्ञों को भी सम्मानित किया जाएगा।
जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 के उद्देश्य, पात्रता, चयन प्रक्रिया, आर्थिक सहयोग, भविष्य की योजनाओं और इंदौर से बाहर इस पहल का विस्तार करने की संभावनाओं को लेकर 2030 का भारत के संस्थापक एवं इस सम्मान के सूत्रधार डॉ. अतुल मलिकराम से विशेष बातचीत हुई। बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य केवल सम्मान प्रदान करना नहीं, बल्कि अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित करना है।
डॉ. अतुल मलिकराम ने बताया कि जीवनदाता परिवार सम्मान 2030 का भारत की सामाजिक पहल है। इसके माध्यम से उन परिवारों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने किसी प्रियजन को खोने के बाद उसके अंगों अथवा टिश्यू का दान कर दूसरे लोगों को जीवन देने का निर्णय लिया। उनका मानना है कि ऐसे परिवारों के साहस और संवेदनशीलता को समाज में उचित पहचान मिलनी चाहिए, जिससे अधिक से अधिक लोग अंगदान के महत्व को समझ सकें और इस दिशा में जागरूकता बढ़े।
इस सम्मान के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। पहली श्रेणी जीवनदाता परिवार सम्मान है, जिसके तहत अपने प्रियजन के निधन के बाद अंगदान अथवा टिश्यूदान में सहयोग करने वाले परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। दूसरी श्रेणी जीवन प्रेरणा सम्मान है। इसमें अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और परिवारों को शामिल किया जाएगा। तीसरी श्रेणी जीवन सारथी सम्मान है, जो डॉक्टरों, सर्जनों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स और स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान को पहचान देने के लिए निर्धारित की गई है।
चयन प्रक्रिया के संबंध में डॉ. मलिकराम ने कहा कि सम्मान के लिए लोकप्रियता के बजाय वास्तविक योगदान को आधार बनाया जाएगा। अंगदान करने वाले परिवारों के मामले में संबंधित चिकित्सा संस्थान से प्राप्त प्रमाणिक जानकारी और दान से जुड़े दस्तावेज महत्वपूर्ण होंगे। जागरूकता श्रेणी में अभियानों, सामुदायिक सहभागिता और उनके सामाजिक प्रभाव का आकलन किया जाएगा। वहीं, चिकित्सा श्रेणी में संबंधित पेशेवरों की भूमिका और योगदान का मूल्यांकन होगा। पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और गरिमापूर्ण बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कोई भी योग्य व्यक्ति या परिवार केवल जानकारी के अभाव में इस सम्मान से वंचित न रहे, इसके लिए नामांकन और अनुशंसा की व्यवस्था की गई है। संबंधित संस्थाओं की मदद ली गई है तथा विशेषज्ञों की टीम के माध्यम से परिवारों, सामाजिक संस्थाओं और चिकित्सा संस्थानों से पात्र लोगों के नाम सामने लाने का प्रयास किया गया है।
आयोजन के आर्थिक पक्ष पर डॉ. अतुल मलिकराम ने बताया कि फिलहाल इस पहल को कोई ग्रांट या सरकारी आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है। प्राथमिकता सामाजिक सहभागिता और संस्थागत सहयोग के माध्यम से इसे आगे बढ़ाने की है। 2030 का भारत एक पंजीकृत फाउंडेशन है और इसे आयकर अधिनियम के अंतर्गत 80G प्रमाणन प्राप्त है। व्यक्तिगत सहयोग, स्वयंसेवकों और सीएसआर के माध्यम से साझेदारी की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। सरकारी सहयोग की संभावनाओं का भी स्वागत है। उनका प्रयास है कि यह पहल किसी एक आर्थिक स्रोत पर निर्भर न रहे।
इंदौर से शुरू हुई इस पहल को दूसरे शहरों तक पहुंचाने की योजना पर उन्होंने कहा कि जीवनदाता परिवार सम्मान किसी एक शहर तक सीमित नहीं रहेगा। इंदौर से शुरुआत होना गर्व की बात है, लेकिन अंगदान मानवता से जुड़ा विषय है और इसकी आवश्यकता पूरे देश में है। लक्ष्य इसे मध्य प्रदेश के अन्य शहरों तक पहुंचाने और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने का है।
अंगदान को लेकर समाज में मौजूद भ्रांतियों को दूर करने के लिए सही जानकारी और निरंतर संवाद को सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए डॉ. मलिकराम ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग अंगदान की प्रक्रिया तथा उससे जुड़ी चिकित्सकीय और कानूनी व्यवस्थाओं से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। विशेषज्ञों के माध्यम से लोगों तक प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने के साथ स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से जागरूकता गतिविधियां संचालित करना भी इस दिशा में महत्वपूर्ण होगा।
उन्होंने कहा कि अंगदान करने वाले परिवारों की कहानियां जब समाज तक पहुंचती हैं, तो लोगों को यह समझने का अवसर मिलता है कि किस तरह किसी परिवार ने अपने दुख को दूसरे व्यक्ति के जीवन की उम्मीद में बदल दिया। इससे सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है और दूसरे लोग भी प्रेरित हो सकते हैं। हालांकि, अंगदान का निर्णय पूरी तरह स्वैच्छिक होना चाहिए। इस पहल का उद्देश्य किसी पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि सही जानकारी उपलब्ध कराकर लोगों को जागरूक करना है।
2030 का भारत की अन्य सामाजिक गतिविधियों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का कार्यक्षेत्र शिक्षा, आजीविका, सामाजिक विकास और सामुदायिक सशक्तीकरण तक विस्तृत है। टीचर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम के अंतर्गत कक्षा एक से आठ तक के शिक्षकों को प्रशिक्षण और सहयोग दिया जाता है। प्रोजेक्ट अपलिफ्ट के माध्यम से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और वंचित समुदायों को संसाधनों एवं बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे-केयर सेंटर तथा बंदियों के पुनर्वास और कौशल विकास से जुड़ी पहलें भी फाउंडेशन की गतिविधियों में शामिल हैं।
जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 की सफलता के आकलन को लेकर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि इसके लिए केवल सम्मानित होने वाले परिवारों की संख्या को पैमाना नहीं माना जाएगा। यदि आयोजन के बाद परिवारों में अंगदान को लेकर बातचीत शुरू होती है, युवा जागरूकता फैलाने के लिए आगे आते हैं और समाज में इस विषय के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है, तो इसे बड़ी उपलब्धि माना जाएगा। उनका उद्देश्य जीवनदाता परिवार सम्मान को केवल एक दिन का आयोजन बनाने के बजाय निरंतर चलने वाला सामाजिक अभियान बनाना है।
इस पहल के जरिए अंगदान करने वाले परिवारों के त्याग को सार्वजनिक पहचान देने के साथ अंगदान के प्रति जागरूकता, स्वैच्छिक सहभागिता और सामाजिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।