अंगदान करने वाले परिवारों को 28 नवंबर को मिलेगा जीवनदाता परिवार सम्मान 2026
| इंदौर में 28 नवंबर को जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 का आयोजन होगा। 2030 का भारत फाउंडेशन की इस पहल में अंगदान करने वाले परिवारों, डॉक्टरों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स और जागरूकता फैलाने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
2030 का भारत फाउंडेशन द्वारा इंदौर में आयोजित जीवनदाता परिवार सम्मान समारोह का आधिकारिक लोगो और मानव अंगों के प्रतीक दिख रहे हैं।
इंदौर में 28 नवंबर को जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 समारोह आयोजित किया जाएगा। 2030 का भारत फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में अंग एवं टिश्यू दान करने वाले परिवारों के साथ अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों, डॉक्टरों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स और अस्पतालों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह का उद्देश्य उन परिवारों के योगदान को पहचान देना है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोने के बाद भी अंगदान का निर्णय लेकर दूसरों को नया जीवन देने का रास्ता चुना।
इंदौर के एक होटल में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होने वाले इस आयोजन के माध्यम से अंगदान को सामाजिक जागरूकता और मानवीय संवेदना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में अंगदान और प्रत्यारोपण की प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों एवं संस्थानों को तीन प्रमुख श्रेणियों में सम्मान प्रदान किया जाएगा।
पहली श्रेणी जीवनदाता परिवार सम्मान की है। इसके अंतर्गत अंग अथवा टिश्यू दान करने वाले परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। दूसरी श्रेणी जीवन प्रेरणा सम्मान की होगी, जिसमें अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को शामिल किया जाएगा। तीसरी श्रेणी जीवन सारथी सम्मान की है। इसके तहत अंगदान एवं ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉक्टरों, सर्जनों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स, अस्पतालों और उनकी सहयोगी मेडिकल टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
इन तीनों श्रेणियों में सम्मानित होने वाले नामों का चयन विभिन्न सर्वेक्षणों से प्राप्त जानकारी और आंकड़ों के आधार पर विशेषज्ञों की टीम करेगी। इस चयन प्रक्रिया का उद्देश्य अंगदान एवं ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पेशेवरों और संस्थानों को पहचान दिलाना है।
जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 के सूत्रधार और 2030 का भारत के फाउंडर अतुल मलिकराम ने कहा, "अंगदान केवल एक चिकित्सकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता से जुड़ा ऐसा निर्णय है, जो किसी व्यक्ति के जाने के बाद भी कई लोगों को जीवन दे सकता है। जिन परिवारों ने अपने सबसे कठिन समय में अंगदान का निर्णय लिया, उनका साहस और उदारता पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। हमारा प्रयास है कि ऐसे परिवारों और अंगदान की प्रक्रिया से जुड़े लोगों को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में इस विषय पर जागरूकता भी बढ़ाई जाए। हमारा विश्वास है कि जागरूकता और जनभागीदारी के माध्यम से अंगदान को एक व्यापक सामाजिक अभियान बनाया जा सकता है, जिससे जरूरतमंद लोगों को जीवन की नई उम्मीद मिल सके।"
इस आयोजन के माध्यम से अंगदान जैसे महत्वपूर्ण विषय को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और समाज में इसके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में नीलेश मुले और एमएससी एजेंसी इंडिया जैसी संस्थाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान है।
गौरतलब है कि 2030 का भारत शून्य भुखमरी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा जैसे सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में जमीनी स्तर पर काम कर रहा है। संस्था की ओर से शिक्षकों को सशक्त बनाने के लिए टीचर्स एम्पावरमेंट प्रोग्राम संचालित किया जा रहा है। इसके साथ ही कैदियों के पुनर्वास की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
संस्था का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की समझ विकसित करना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। मध्य प्रदेश में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अभी काफी काम किए जाने की आवश्यकता है। ऐसे में जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 के माध्यम से अंगदान करने वाले परिवारों, चिकित्सा विशेषज्ञों और जागरूकता अभियान से जुड़े लोगों को सम्मानित करने के साथ इस विषय पर सामाजिक संवाद और जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।