जनार्दन मिश्रा के बयान पर विवाद, अपना दल ने मांगी माफी
अपना दल (एस) ने रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों पर दिए गए विवादित बयान की कड़ी निंदा करते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की है।
तस्वीर में अपना दल (एस) का चुनाव चिह्न दिख रहा है, जिसे लेकर रीवा सांसद के बयान पर विवाद हुआ है।
भोपाल। रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की किसानों को लेकर की गई टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद गहराने लगा है। अपना दल (एस) ने सांसद के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे देश के अन्नदाताओं की मेहनत, सम्मान और स्वाभिमान का अपमान बताया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर बी सिंह पटेल ने सांसद से किसानों के प्रति अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
आर बी सिंह पटेल ने कहा कि किसान साल में केवल तीन महीने नहीं, बल्कि पूरे बारह महीने मेहनत करता है। वह कभी तपती धूप में खेत जोतता है, कभी बारिश के बीच फसल बचाने के लिए संघर्ष करता है और कभी कड़ाके की ठंड में रातभर जागकर खेतों की रखवाली करता है। खाद-बीज की व्यवस्था, कर्ज की चिंता, मौसम की मार और फसल का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष उसके जीवन का हिस्सा है। ऐसे में किसानों की मेहनत को नशे और ताश से जोड़कर टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि जिस किसान के उगाए अन्न से देश का प्रत्येक नागरिक अपना पेट भरता है, उसके प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। किसान देश की अर्थव्यवस्था और समाज की रीढ़ है। उसके संघर्ष और परिश्रम को समझने के लिए केवल बयानबाजी पर्याप्त नहीं है, बल्कि खेतों में उतरकर उसकी वास्तविक परिस्थितियों को महसूस करना जरूरी है।
राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि सांसद जैसे संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधियों से समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति सम्मानजनक भाषा और संवेदनशील व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने सांसद जनार्दन मिश्रा से अपने बयान के लिए देश के किसानों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
वहीं, राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने भी सांसद की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अपना दल किसानों और कमेरों की पार्टी है। पार्टी हमेशा अन्नदाताओं, मेहनतकशों और वंचित वर्गों के सम्मान, अधिकार एवं सामाजिक न्याय की आवाज उठाती रही है। किसानों के परिश्रम को इस तरह की टिप्पणियों के जरिए कमतर आंकना उनके वर्षों के संघर्ष और मेहनत का अपमान है।
डॉ. मलिकराम ने कहा कि इस प्रकार के बयानों को सामान्य राजनीतिक टिप्पणी मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारी और शब्दों की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। किसान किसी की कृपा पर निर्भर नहीं है, बल्कि अपने पसीने और परिश्रम से देश का पेट भरता है। किसानों के सम्मान से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) किसानों और कमेरों के सम्मान से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। अन्नदाताओं के अपमान के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखेगी।
इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सूर्यभान सिंह और मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने भी सांसद के बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रति सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल करना प्रत्येक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। दोनों नेताओं ने सांसद जनार्दन मिश्रा से अपनी टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करने और देश के किसानों से माफी मांगने की मांग की।
सांसद की टिप्पणी के विरोध में अपना दल (एस) के नेताओं की एकजुट प्रतिक्रिया ने किसानों के सम्मान और जनप्रतिनिधियों की भाषा की मर्यादा को लेकर राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।