ठाणे में मनाई गई आचार्य श्री तुलसी की 113 वीं जन्म जयंती, अणुव्रत दिवस पर हुए आयोजन
ठाणे के मजीवाड़ा स्थित तेरापंथ भवन में आयोजित गुणोत्कीर्तना समारोह में मुनिश्री के सानिध्य में आचार्य तुलसी के जीवन और समाज के अवदानों का स्मरण किया गया।
ठाणे के तेरापंथ भवन में आचार्य तुलसी की जयंती पर आयोजित गुणोत्कीर्तना समारोह में उपस्थित समाजजन।
ठाणे के मजीवाड़ा स्थित तेरापंथ भवन में आचार्य श्री तुलसी की 113वीं जन्म जयंती अणुव्रत दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित ‘गुणोत्कीर्तना समारोह’ में मुनिश्री कुलदीप कुमार और मुनिश्री मुकुल कुमार के सानिध्य में आचार्य श्री तुलसी के जीवन, उनके व्यक्तित्व, दीक्षा से जुड़े प्रसंगों और समाज के प्रति उनके अवदानों का स्मरण किया गया। कार्यक्रम में श्रावक समाज की अच्छी उपस्थिति रही।
समारोह में मुनिश्री कुलदीप कुमार ने आचार्य श्री तुलसी की दीक्षा के समय और उससे पहले के जीवन से जुड़े कई ऐसे पहलुओं की जानकारी दी, जिनसे श्रावक समाज को उनके जीवन के बारे में नई जानकारियां प्राप्त हुईं। उन्होंने आचार्य श्री तुलसी द्वारा समाज के लिए किए गए विभिन्न अवदानों पर भी प्रकाश डाला।
मुनिश्री मुकुल कुमार ने महाप्रज्ञ द्वारा रचित गीत ‘कैसी वह कोमल काया रे, पुष्पों ने शीश झुकाया रे’ के भावार्थ को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने ‘जीवन भर काम करूंगा, घण का भंडार भरूंगा’ गीत के माध्यम से आचार्य श्री तुलसी के संपूर्ण जीवन का वर्णन किया।
इस दौरान ठाणे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने अणुव्रत गीत का संगान किया। अणुव्रत समिति मुंबई के अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि आचार्य श्री तुलसी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके गुणों का गुणगान करने के साथ-साथ उन गुणों को अपने जीवन का हिस्सा भी बनाएं।
मुलुंड सभा अध्यक्ष महेंद्र सांखला ने आचार्य श्री तुलसी पर सुमधुर गीतिका प्रस्तुत की। वहीं, उपासिका प्रतिभा चोपड़ा ने आचार्य श्री तुलसी के जीवन से जुड़े अनेक संदर्भों और उनके अवदानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर कच्छारा, जॉन प्रभारी रतन कच्छारा, क्षेत्रीय संयोजक भंवर दास जैन, सहसंयोजक कल्पना जैन, चुन्नी लाल सिंघवी, प्रकाश वागरेचा, कपूरचंद श्री श्रीमाल, हस्तीमल ईंटोंदिया और बिनोद कोठारी सहित श्रावक समाज के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन सभा उपाध्यक्ष लक्ष्मीलाल सिंघवी ने किया।
आचार्य श्री तुलसी की 113वीं जन्म जयंती पर आयोजित इस समारोह में उनके जीवन प्रसंगों, समाज के प्रति योगदान और अणुव्रत के संदेश को याद करते हुए उनके बताए गुणों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।