मुंबई में बढ़ते प्रदूषण, आगामी जल संकट और महाराष्ट्र की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर मुंबई की पूर्व महापौर एवं शिवसेना (यूबीटी) की वरिष्ठ नेता किशोरी पेडणेकर ने प्रशासन और सत्ता पक्ष पर तीखा हमला बोला है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दिवाली के दौरान पटाखों से बिगड़ी हवा, बांधों में घटते जल भंडार और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल उठाए।

पेडणेकर ने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीतिक हवा पहले से ही खराब है। इसके साथ ही दिवाली के दौरान बड़े पैमाने पर पटाखे फोड़े जाने से मुंबई की हवा और जहरीली हो गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भारत में 27 घंटे लगातार पटाखे फोड़ने का रिकॉर्ड बनाया गया, जिसके कारण प्रदूषण का स्तर खतरनाक हो गया। उन्होंने इस स्थिति के लिए किसी एक अधिकारी को जिम्मेदार ठहराने के बजाय पूरे प्रशासन को जवाबदेह बताया। उनका कहना था कि महानगरपालिका आयुक्त को प्रशासनिक टीम के 'कैप्टन' के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

मुंबई में संभावित जल संकट को लेकर भी पूर्व महापौर ने चिंता जताई और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले बांधों में फिलहाल केवल 83 से 84 प्रतिशत जल भंडार शेष है। ऐसे में आने वाले अप्रैल और मई के महीनों में मुंबईकरों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बीएमसी प्रशासन से पानी की चोरी और पाइपलाइन में होने वाले लीकेज को तत्काल रोकने की मांग की।

बालासाहेब ठाकरे स्मारक के निरीक्षण को लेकर उठ रहे सवालों पर भी पेडणेकर ने अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि जिस तरह अस्पताल में डॉक्टर पर भरोसा होने के बावजूद मरीज के परिजन बाहर खड़े रहते हैं, उसी तरह उन्हें प्रशासन पर भरोसा है। हालांकि, बालासाहेब उनके अपने हैं, इसलिए उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर कामकाज का जायजा लिया।

राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पेडणेकर ने मंत्री संजय शिरसाट और सांसद ओमराज निंबालकर को भी निशाने पर लिया। संजय शिरसाट के आवास पर कथित डकैती की कोशिश के मामले में उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा नहीं लगता कि उनके घर डकैती की कोशिश हुई होगी। संभव है कि कुछ युवक मदद मांगने गए हों और उन्हें बेवजह बदनाम किया जा रहा हो।

वहीं, फंड को लेकर सांसद ओमराज निंबालकर के बयान पर उन्होंने कहा कि केवल बोलने से कुछ हासिल नहीं होता। इसके लिए पहले ठोस प्रयास किए जाने चाहिए थे।

शिवसेना के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चल रही अटकलों पर पेडणेकर ने विराम लगाने की कोशिश की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पार्टी की एक साधारण कार्यकर्ता हैं और इस तरह के बड़े राजनीतिक फैसले लेने के लिए उनके पक्षप्रमुख पूरी तरह सक्षम हैं।

प्रदूषण, पानी की उपलब्धता और राजनीतिक घटनाक्रम पर पेडणेकर के इन बयानों ने मुंबई के प्रशासनिक कामकाज और राज्य की सियासत से जुड़े मुद्दों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

Tags: