मुंबई के ओशिवारा में नेचर्स बास्केट स्टोर में आग, चार घंटे में पाया काबू
घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दमकल कर्मियों ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
मुंबई के ओशिवारा स्थित नेचर्स बास्केट स्टोर में लगी भीषण आग, दमकल ने चार घंटे में पाया काबू।
मुंबई के ओशिवारा स्थित आदर्श नगर इलाके में 11 नवंबर की आधी रात के बाद प्रसिद्ध सुपरमार्केट नेचर्स बास्केट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। भूतल और 15 मंजिला इमारत के निचले हिस्से में संचालित स्टोर में आग तेजी से फैल गई। लपटों और धुएं के कारण पूरी इमारत में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
मुंबई अग्निशमन दल को 11 नवंबर की रात करीब 12:05 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। आग ने स्टोर के पूरे भूतल को अपनी चपेट में ले लिया था। इससे इमारत में धुआं भरने के साथ ही आग के ऊपरी मंजिलों तक फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया था।
हालात की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग के जवानों के साथ मुंबई पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा, बिजली वितरण कंपनी के कर्मचारी और स्थानीय बीएमसी वार्ड का अमला भी मौके पर तैनात किया गया। एहतियात के तौर पर इमारत की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, ताकि राहत एवं बचाव अभियान के दौरान किसी अन्य खतरे की आशंका न रहे।
दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए लगातार करीब चार घंटे तक मशक्कत की। आखिरकार तड़के 3:54 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली। हालांकि, आग की चपेट में आने से स्टोर में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना के बाद दमकल विभाग और मुंबई पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि नेचर्स बास्केट स्टोर के भीतर आग किस वजह से लगी। 15 मंजिला इमारत में आग फैलने की आशंका के बीच चार घंटे तक चले दमकल अभियान के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।