तेरापंथ समाज चेम्बूर: आचार्य तुलसी का 113वां जन्मदिवस श्रद्धा से मनाया
साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी ने आचार्य तुलसी को व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला बताया, कार्यक्रम में कई संतों और वक्ताओं ने दिए विचार।
चेम्बूर में आचार्य तुलसी के 113वें जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विचार व्यक्त करतीं साध्वीवृंद।
तेरापंथ समाज चेम्बूर की ओर से युगप्रधान आचार्य तुलसी का 113वां जन्मदिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में आचार्य श्री तुलसी के व्यक्तित्व, कृतित्व और समाज के उत्थान में उनके योगदान का स्मरण किया गया। आचार्य महाश्रमणजी की विदुषी सुशिष्या साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि आचार्य श्री तुलसी एक महासूर्य थे। वे रोशनी का महासमुद्र लेकर इस धरती पर अवतरित हुए थे और उन्होंने आजीवन समाज को उजाला बांटा।
साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी ने कहा कि आचार्य श्री तुलसी ने लाखों लोगों तक नैतिकता की रोशनी पहुंचाई। वे व्यक्तित्व निर्माण की एक प्रयोगशाला थे। उनका वात्सल्य प्राप्त करने वाले लोग धन्य हो गए। उन्होंने तेरापंथ के विकास को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं और समाज को नैतिक मूल्यों के प्रकाश से आलोकित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रमुख साध्वीश्री योगक्षेमप्रभाजी ने अपने प्रखर वक्तृत्व के माध्यम से आचार्य श्री तुलसी के बहुआयामी व्यक्तित्व की झांकी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि आचार्य श्री तुलसी आगम में विवेचित ओजस्वी, तेजस्वी और वर्चस्वी जैसे विशेषणों से विभूषित व्यक्तित्व थे। उनके ओजस्वी व्यक्तित्व ने समाज में अवदानों की लंबी श्रृंखला स्थापित की।
इस अवसर पर साध्वी लावण्यप्रभा ने आचार्य तुलसी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए गीत प्रस्तुत किया। साध्वी योगक्षेमप्रभा, साध्वी लावण्यप्रभाजी, साध्वी कुंदनयशा, साध्वी मुदितप्रभा एवं साध्वी मधुरप्रभा ने शासनमाता द्वारा रचित गीत की सामूहिक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के समुच्चार के साथ हुआ। श्री मनसुख चपलोत ने संस्कृत में तुलसी अष्टकम् का मधुर संगान किया। ममता कच्छारा एवं विद्या कोठारी ने अपने भावों की अभिव्यक्ति दी। अनिता गेलड़ा ने एनजीओ के माध्यम से संचालित अणुव्रत के कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन अणुव्रत के पर्यावरण महाराष्ट्र प्रभारी रमेश धोका ने किया। आचार्य तुलसी के 113वें जन्मदिवस पर आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उनके नैतिक चिंतन, व्यक्तित्व निर्माण के प्रयासों और तेरापंथ समाज के विकास में दिए गए योगदान को भावपूर्ण ढंग से स्मरण किया गया।