मुंबई के अंधेरी पश्चिम में सोमवार सुबह आठ मंजिला इमारत की सातवीं मंजिल पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग से कमरे में रखा इलेक्ट्रिक सामान, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। वहीं, आग के दौरान फैले घने धुएं की चपेट में आने से 64 वर्षीय बुजुर्ग महेश मिस्त्री की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।

बीएमसी के मुंबई अग्निशमन दल से प्राप्त प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को सुबह करीब 9:05 बजे अंधेरी पश्चिम के राम मंदिर रोड स्थित आठ मंजिला 'हंस वल्लभ' इमारत की सातवीं मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और आपातकालीन कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को सातवीं मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 701 तक सीमित रखा। यह कमरा करीब 500 से 800 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला हुआ है। दमकल दल ने करीब 6:06 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

आग की चपेट में आने से कमरा नंबर 701 में लगी इलेक्ट्रिक वायरिंग, बिजली के उपकरण, स्प्लिट एसी, लकड़ी के फर्नीचर, बिस्तर, घरेलू सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। इस दौरान इमारत में फैले घने धुएं के कारण 64 वर्षीय महेश मिस्त्री को सांस लेने में परेशानी होने लगी। उन्हें तत्काल विलेपार्ले (पूर्व) स्थित बाबासाहेब गावड़े चैरिटेबल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

दिवाली त्योहार के दौरान मुंबई में आग लगने की घटनाओं के बीच अंधेरी की इस घटना ने बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। बीएमसी अग्निशमन दल और स्थानीय पुलिस आग लगने के मुख्य कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।

बीएमसी प्रशासन ने बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोगों से अपनी सोसायटियों के अग्निशामक तंत्र को दुरुस्त रखने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बीएमसी और दमकल विभाग के आपातकालीन नंबरों पर संपर्क करने को कहा है।

Tags: