मुंबई में दिवाली पर पटाखों से 137 जगह लगी आग, 2 महिलाएं घायल
मुंबई में 24 घंटे में आग लगने के 142 मामले दर्ज हुए। बीएमसी और फायर ब्रिगेड ने सुरक्षा नियम अपनाने और आपातकालीन नंबर जारी किए।
मुंबई। दिवाली के दौरान पटाखों से लगी आग की घटनाओं ने मुंबई में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। मुंबई में पिछले 24 घंटों के भीतर आग लगने की कुल 142 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें से 137 घटनाएं पटाखों के प्रति लापरवाही के कारण हुईं। इन हादसों में दो महिलाएं घायल हुई हैं। आग की घटनाओं में इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी ने मुंबई अग्निशमन दल और बीएमसी प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
मुंबई फायर ब्रिगेड की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस बार पटाखों के कारण महज 24 घंटे में आग लगने की 137 घटनाएं सामने आई हैं। पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 में दिवाली के दौरान पटाखों से आग लगने के 80 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 113 तक पहुंच गई थी। इस बार एक ही दिन में 137 घटनाएं दर्ज होने से स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
लगातार बढ़ते हादसों को देखते हुए मुंबई अग्निशमन दल और बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों से अग्नि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने चेतावनी दी है कि इमारतों, झोपड़ियों, पेट्रोल पंपों, पार्किंग स्थलों और बिजली के ट्रांसफार्मरों के आसपास किसी भी स्थिति में पटाखे नहीं जलाए जाएं।
अग्निशमन विभाग ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी है। छोटे बच्चों को अकेले पटाखे जलाने की अनुमति नहीं देने, ढीले और सिंथेटिक कपड़े पहनने से बचने तथा जलते हुए रॉकेट इमारतों की खिड़कियों या बालकनी की दिशा में नहीं छोड़ने की सलाह दी गई है। पटाखे जलाते समय पास में पानी से भरी बाल्टी रखना भी अनिवार्य बताया गया है, ताकि आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव के उपाय किए जा सकें।
बीएमसी और मुंबई अग्निशमन दल ने किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को तुरंत सहायता लेने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। आग लगने या अन्य आपातकालीन स्थिति में दमकल विभाग के नंबर 101, बीएमसी हेल्पलाइन 1916 अथवा दमकल विभाग के विशेष नंबर 9076333101 से 9076333105 तक संपर्क किया जा सकता है।
पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों में पटाखों से आग लगने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी के बीच अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में मुंबईकरों से अपनी और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी सावधानियों का पालन कर दिवाली मनाने की अपील की गई है।