नवी मुंबई में सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका (मनपा) अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से निगरानी करेगी। इसके तहत शहर के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थानों पर 200 एआई-सक्षम अत्याधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के जरिए कचरा जमा होने वाले स्थानों की स्वतः पहचान करने के साथ गंदगी फैलाने वाले संवेदनशील इलाकों पर भी नजर रखी जाएगी।

मनपा प्रशासन की इस योजना का उद्देश्य कचरा संग्रहण से लेकर उसके उठाव तक की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करना है। इसके लिए पूरी हाईटेक निगरानी प्रणाली को बेलापुर स्थित 'इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर' से सीधे जोड़ा जाएगा। यहां से प्रशासनिक अधिकारी कचरा उठाने वाले वाहनों, उनके निर्धारित रूट, गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग संग्रहण तथा सफाई कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति पर रियल-टाइम नजर रख सकेंगे।

इसके अलावा, कचरा संग्रहण करने वाले सभी वाहनों के आगे और पीछे भी विशेष कैमरे लगाए जाएंगे। इससे वरिष्ठ अधिकारियों को कंट्रोल रूम में बैठकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सफाई कार्यों और वाहनों की गतिविधियों की सीधे निगरानी करने की सुविधा मिलेगी।

एआई तकनीक आधारित इस व्यवस्था से सफाई अभियान में होने वाली लापरवाही और खामियों की तत्काल पहचान कर उन्हें दूर करना आसान होगा। अब मनपा अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में गड़बड़ी का पता लगाने और कार्रवाई करने के लिए केवल नागरिकों की शिकायतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। शहरभर में प्रस्तावित 200 कैमरों और कंट्रोल सेंटर से जुड़ी निगरानी व्यवस्था के जरिए कचरा प्रबंधन तथा सफाई अभियान की कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।

Tags: