मुंबई के गोवंडी में बढ़ते प्रदूषण का मुद्दा बीएमसी की स्थायी समिति की बैठक में उठा। वार्ड क्रमांक 136 के नगरसेवक एवं स्थायी समिति सदस्य ज़मीर कुरैशी ने इलाके में संचालित आरएमसी प्लांट, एसएमएस कंपनी और देवनार डंपिंग ग्राउंड से फैल रहे प्रदूषण पर चिंता जताते हुए आरएमसी प्लांट को तत्काल बंद करने की मांग की।

प्रातःकाल संवाददाता

मुंबई। गोवंडी में प्रदूषण के कारण स्थानीय नागरिकों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। वार्ड क्रमांक 136 के नगरसेवक और बीएमसी की स्थायी समिति के सदस्य ज़मीर कुरैशी ने स्थायी समिति की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में संचालित आरएमसी प्लांट और एसएमएस कंपनी के साथ देवनार डंपिंग ग्राउंड से निकलने वाली जहरीली गैस और धूल के कारण क्षेत्र की हवा प्रदूषित हो रही है। इससे स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य पर सीधा खतरा पैदा हो गया है।

ज़मीर कुरैशी ने सदन में कहा कि प्रदूषण का सबसे गंभीर असर छोटे बच्चों की सेहत पर पड़ रहा है। प्रदूषित हवा में सांस लेने के कारण मासूम बच्चों के फेफड़ों की कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है और कम उम्र में ही वे सांस संबंधी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इलाके में अस्थमा, सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन जैसी शिकायतें आम हो गई हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रदूषण को लेकर कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बनी हुई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगरसेवक ज़मीर कुरैशी ने बीएमसी प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने गोवंडी के नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रदूषण फैलाने वाले आरएमसी प्लांट को तुरंत बंद करने और देवनार डंपिंग ग्राउंड के कचरे का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित करने की मांग रखी।

उन्होंने चेताया कि यदि प्रशासन ने समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में गोवंडी के नागरिकों के सामने प्रदूषण से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं। ऐसे में आरएमसी प्लांट और देवनार डंपिंग ग्राउंड से जुड़े प्रदूषण पर प्रशासन की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों की निगाहें बीएमसी पर टिकी हैं।

Tags: