मुंबई के ऐतिहासिक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) के पुनर्विकास की योजना अब पर्यावरणीय चिंताओं और राजनीतिक विरोध के घेरे में आ गई है। यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के पुनर्विकास के लिए पेश किए गए प्रस्ताव में 56 पेड़ों को काटने और 72 पेड़ों को दूसरी जगह ट्रांसप्लांट करने की योजना सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। पूर्व महापौर और शिवसेना (यूबीटी) की वरिष्ठ नेत्री किशोरी पेडणेकर ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए पेड़ों के संरक्षण को लेकर चिंता जताई है।

रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण की ओर से पेश किए गए प्रस्ताव को शुक्रवार को बीएमसी वृक्ष प्राधिकरण ने स्वीकृति दी। प्रस्ताव के अनुसार, सीएसएमटी पुनर्विकास परियोजना के दायरे में कुल 242 पेड़ आ रहे हैं, जिनमें से 128 पेड़ों पर सीधा असर पड़ेगा। योजना के तहत 56 पेड़ों को काटा जाएगा, जबकि 72 पेड़ों को जड़ समेत उखाड़कर दूसरी जगह ट्रांसप्लांट किया जाएगा।

रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण ने पेड़ों की कटाई और ट्रांसप्लांटेशन से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की भरपाई के लिए ठाकुर्ली और दीघा में 2,463 नए पौधे लगाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद पर्यावरणविदों के साथ राजनीतिक हलकों में भी विरोध के स्वर तेज हो गए हैं।

पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर ने ट्रांसप्लांट किए जाने वाले पेड़ों के भविष्य पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि जिन 72 पेड़ों को दूसरी जगह लगाने की योजना है, उनके जीवित रहने की क्या गारंटी है? पेडणेकर ने कहा कि मुंबई में पहले भी कई विकास परियोजनाओं के नाम पर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई हुई है। उस दौरान पेड़ों के ट्रांसप्लांटेशन के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन उचित देखभाल के अभाव में अधिकांश पेड़ सूख गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के हरित आवरण के साथ खिलवाड़ कर विकास को प्राथमिकता देना मुंबई के पर्यावरण के लिए घातक साबित हो रहा है। सीएसएमटी पुनर्विकास परियोजना में 56 पेड़ों की कटाई, 72 पेड़ों के ट्रांसप्लांटेशन और 2,463 नए पौधे लगाने के प्रस्ताव ने विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Tags: